अब शादी के लिए नहीं होगी महंगे मैरिज हॉल की टेंशन, गोरखपुर में तैयार हुआ कल्याण मंडपम, 29 को CM योगी करेंगे उद्घाटन
गोरखपुर में तैयार हुआ नया कल्याण मंडपम, 29 अगस्त को CM योगी करेंगे लोकार्पण
UP News: गोरखपुर में अल्प और मध्यम आय वर्ग के परिवारों के लिए एक बड़ा तोहफा तैयार है. बशारतपुर में 3.10 करोड़ रुपये की लागत से बना कल्याण मंडपम 29 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लोकार्पित किया जाएगा. यह मंडपम शादी-ब्याह से लेकर विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस है, जिससे लोगों को किफायती दरों पर बेहतर सुविधा मिलेगी.
UP News: गोरखपुर के बशारतपुर में अल्प और मध्यम आय वर्ग के परिवारों के लिए 3.10 करोड़ रुपये की लागत से कल्याण मंडपम तैयार हो गया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 29 अगस्त को दोपहर बाद इसका लोकार्पण करेंगे. इसका निर्माण गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने मुख्यमंत्री की विधायक निधि से कराया है. वार्ड नंबर 80 राप्तीनगर के बशारतपुर में बने इस मंडपम का क्षेत्रफल 2593 वर्गमीटर है. दो मंजिला भवन में आयोजन से जुड़ी जरूरी सुविधाओं का इंतजाम किया गया है.
एक साथ 225 लोगों के बैठने की सुविधा
कल्याण मंडपम के भूतल पर 225 लोगों की क्षमता वाला बड़ा हाल बनाया गया है. यहां किचन, स्टोर, कार्यालय और चेंज रूम के साथ महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय भी बनाए गए हैं. प्रथम तल पर एक और हाल तैयार किया गया है. इसके अलावा यहां अटैच्ड टायलेट और ड्रेसिंग रूम की सुविधा वाले छह कमरे भी हैं.
फव्वारे से लेकर पार्किंग तक की व्यवस्था
परिसर को आयोजनों के लिहाज से आकर्षक बनाने के लिए मुख्य भवन के सामने फव्वारा लगाया गया है. लोगों के वाहनों के लिए परिसर के अंदर ही इंटरलॉकिंग टाइल्स से पर्याप्त पार्किंग तैयार की गई है. इसके साथ ही परिसर में लान विकसित किया गया है. फूल-पौधे लगाकर हरियाली और सजावट का भी ध्यान रखा गया है.
शादी से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रम तक होंगे
यह कल्याण मंडपम सिर्फ शादी समारोह के लिए ही नहीं, बल्कि तिलक, मुंडन, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकेगा. यहां सामूहिक उत्सव भी आयोजित किए जा सकेंगे. इससे अल्प और मध्यम आय वर्ग के परिवारों को मैरिज हाउस की तुलना में किफायती दरों पर आधुनिक सुविधाओं वाला परिसर मिल सकेगा.
गोरखपुर में अब तक छह मंडपम का लोकार्पण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में अब तक छह कल्याण मंडपम का लोकार्पण कर चुके हैं. इनमें खोराबार, सूरजकुंड, मानबेला, राप्तीनगर विस्तार क्षेत्र के टोला पीरू शहीद, बिछिया जंगल तुलसीराम और जंगल बेनी माधव के कल्याण मंडपम शामिल हैं. अब बशारतपुर का कल्याण मंडपम भी इसी व्यवस्था में शामिल होगा. इसका उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को पारिवारिक, सामाजिक और मांगलिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक और किफायती जगह उपलब्ध कराना है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए