प्रेमी संग मिलकर अपने ही घर में करवाई लाखों की चोरी, इश्क में अंधी पत्नी ने पति को दिया धोखा

गोंडा पुलिस ने आरोपी विकास और पूनम विकास को गिरफ्तार किया
UP News: प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने पति के घर में लाखों की चोरी की साजिश रच डाली. लव, धोखे और रिश्तों को शर्मसार करने वाला यह मामला पुलिस जांच में पूरी तरह बेनकाब हो गया.
UP News: गोंडा में प्यार, भरोसे और रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि एक महिला ने अपने मौसेरे भाई के साथ मिलकर पति के ही घर में लाखों की चोरी की साजिश रच डाली. वारदात को लूट दिखाने के लिए उसने मारपीट और बेहोशी का ऐसा नाटक किया कि शुरुआत में हर कोई धोखा खा गया. लेकिन पुलिस की गहन जांच और पूछताछ के आगे पूरी साजिश बेनकाब हो गई, जिसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.
घरवालों को गुमराह करने के लिए रची गई पूरी साजिश
यह मामला खरगूपुर थाना क्षेत्र के विशुनापुर बाजार का है. पुलिस के मुताबिक, पूनम कसौधन ने अपने मौसी के बेटे विकास कसौधन के साथ मिलकर पहले से पूरी योजना बनाई थी. दोनों का मकसद घर में रखे सोने-चांदी के जेवर, 50 हजार रुपये नकद और मोबाइल लेकर फरार होना था. वारदात के बाद किसी को शक न हो, इसलिए कमरे का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया गया और पूनम बेहोशी का नाटक करते हुए बेड के नीचे जाकर लेट गई. सुबह जब परिजनों ने यह हाल देखा तो उन्होंने समझा कि घर में बदमाश घुसे थे. घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई और चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई.
तीन-चार दिन पहले बनाई थी चोरी की पूरी प्लानिंग
पीड़ित पति लवकुश ने पुलिस को अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी थी. वहीं पूनम ने भी दावा किया कि देर रात कुछ बदमाश घर में घुसे, उसके साथ मारपीट की और लाखों का सामान लेकर फरार हो गए. लेकिन जब पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तो कई बातें संदिग्ध लगीं. घर में जबरन घुसने या बाहर से किसी के आने-जाने के कोई निशान नहीं मिले. इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों ने पूनम से अलग से पूछताछ की। सख्ती से पूछने पर वह टूट गई और पूरी साजिश कबूल कर ली. पूछताछ में उसने बताया कि विकास के साथ उसके पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध थे. दोनों ने करीब तीन-चार दिन पहले ही घर में चोरी की योजना बनाई थी ताकि पैसे लेकर साथ भाग सकें.
प्रेमी को रात में बुलाया, जेवर-नकदी लेकर हुआ फरार
पुलिस के मुताबिक, योजना के तहत पूनम ने रात में विकास को घर बुलाया. दोनों ने मिलकर संदूक और बक्सों में रखे सोने-चांदी के आभूषण, 50 हजार रुपये नकद और मोबाइल निकाल लिए. चोरी के बाद विकास पूरा सामान लेकर अपने घर चला गया, जबकि पूनम ने खुद को पीड़िता दिखाने के लिए बेहोशी और मारपीट की कहानी गढ़ दी.
प्रेमी के घर से बरामद हुआ चोरी का पूरा सामान
पुलिस ने पूनम की निशानदेही पर विकास कसौधन के घर छापा मारा. वहां से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, 50 हजार रुपये नकद और अन्य सामान बरामद कर लिया गया. बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
सीओ सिटी योगेश्वर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में दोनों आरोपियों की साजिश सामने आई है. दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
Also Read: रिश्तों का कत्ल, दो सगे भाइयों पर मां-बाप की हत्या का आरोप, गाजियाबाद में खौफनाक वारदात
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










