दो सगे भाइयों पर मां-बाप की हत्या का आरोप, गाजियाबाद में खौफनाक वारदात

Updated:
विज्ञापन
गाजियाबाद में भाइयों ने मां-बाप की ली जान

गाजियाबाद में भाइयों ने मां-बाप की ली जान

UP News: गाजियाबाद से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दो सगे भाइयों ने अपने ही मां-बाप पर जानलेवा हमला कर दिया। पारिवारिक विवाद में गंभीर रूप से घायल दंपति की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

विज्ञापन

UP News: गाजियाबाद से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. जिस मां-बाप ने बेटों को पाल-पोसकर बड़ा किया, उन्हीं पर दो सगे भाइयों ने कथित तौर पर जानलेवा हमला कर दिया. पारिवारिक विवाद में गंभीर रूप से घायल दंपति ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस ने दोनों भाइयों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.

पारिवारिक विवाद ने ले ली दो जिंदगियां

यह दिल दहला देने वाली घटना गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के भीमनगर की है. बताया जा रहा है कि गंगाशरण अपनी पत्नी विमलेश और दोनों बेटों दीपक व ललित के साथ भीमनगर में रहते थे. किसी बात को लेकर परिवार के भीतर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया. आरोप है कि इसी दौरान गंगाशरण और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तुरंत अस्पताल भिजवाया, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है.

दोनों बेटों को पुलिस ने लिया हिरासत में

पुलिस ने मामले में दोनों बेटे दीपक और ललित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में पुलिस पारिवारिक विवाद को घटना की मुख्य वजह मानकर जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है.

अक्सर होता था घर में विवाद

स्थानीय लोगों के अनुसार, परिवार में लंबे समय से विवाद की स्थिति बनी रहती थी. बताया गया कि गंगाशरण अखबार की न्यूज एजेंसी चलाते थे, जबकि उनके दोनों बेटे बेरोजगार थे. दोनों की शादी हो चुकी थी और उनके बच्चे भी हैं, लेकिन बेरोजगारी के कारण उनकी पत्नियां उनके साथ नहीं रहती थीं. पड़ोसियों का कहना है कि पिता अक्सर बेटों को नौकरी करने और जिम्मेदारी निभाने की सलाह देते थे. इसी बात को लेकर घर में आए दिन कहासुनी और झगड़े होते रहते थे, जो आखिरकार इस दर्दनाक घटना में बदल गए.

प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया?

घटना के वक्त आसपास रहने वाले लोगों ने तेज आवाजें सुनीं. किराएदार पुष्पा ने बताया कि शोर सुनकर वह तुरंत बाहर आईं, लेकिन सीढ़ियों का गेट बंद था. उन्होंने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. कुछ लोगों ने कहा कि परिवार में अक्सर झगड़े होते रहते थे, इसलिए शुरुआत में किसी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया. एक अन्य महिला ने बताया कि उन्हें केवल चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी थी। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक स्थिति गंभीर हो चुकी थी.

पुलिस अधिकारी ने क्या कहा?

डीसीपी सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि किराएदारों से सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. वहां दंपति गंभीर रूप से घायल मिले, जिन्हें अस्पताल भेजा गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. फिलहाल दोनों बेटों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है.

हाल ही में मोदीनगर में भी सामने आई थी ऐसी घटना

गाजियाबाद में पारिवारिक विवाद से जुड़ी यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले मोदीनगर के बुदाना गांव में जमीनी विवाद के चलते बेटे निखिल नेहरापर अपने पिता हरिओम नेहरा को चार गोलियां मारने का आरोप लगा था. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था. उस घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था.

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने पारिवारिक रिश्तों में बढ़ती कटुता और घरेलू विवादों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल गाजियाबाद पुलिस इस दोहरे हत्याकांड के हर पहलू की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: गरीबी से निकलकर क्रिकेट के मैदान तक, KGBV की बेटी अंडर-19 वर्ल्ड कप चैंपियन में रचा इतिहास


विज्ञापन
Lucky Kumari

लेखक के बारे में

By Lucky Kumari

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola