गाजियाबाद में लूट का खौफनाक खेल! मिर्च का धुआं फैलाकर घर में घुसे बदमाश, 10 किलो चांदी और 5 लाख कैश की तलाश में 2 घंटे बंधक रहा परिवार

Updated:
विज्ञापन

मिर्च का धुआं फैलाकर घर में घुसे बदमाश

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

UP Crime News: गाजियाबाद के भोजपुर में आधी रात बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाया. मिर्च का धुआं फैलाकर परिवार को घबराया और फिर घर में घुसकर लूटपाट की. बेटी की शादी के जेवर भी लूट लिए गए.

विज्ञापन

UP Crime News: गाजियाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र के कलछीना गांव में आधी रात बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाया. आरोप है कि 5-6 बदमाशों ने वारदात से पहले मकान के बाहर कपड़े में मिर्च बांधकर उसमें आग लगा दी. देखते ही देखते तेज मिर्च का धुआं घर के अंदर भर गया. आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी के कारण परिवार घबरा गया और उन्हें लगा कि मकान में आग लग गई है.

विज्ञापन

दरवाजा खुलते ही घर में घुस गए बदमाश

घर में सद्दाम अपनी पत्नी और छह बच्चों के साथ सो रहे थे. धुएं से परेशान होकर परिवार की एक महिला ने जैसे ही दरवाजा खोला, बाहर मौजूद बदमाश जबरन अंदर दाखिल हो गए. आरोप है कि बदमाशों ने परिवार के लोगों को घेर लिया और सद्दाम के हाथ बांध दिए. इसके बाद सभी को डराकर घर में लूटपाट शुरू कर दी.

विरोध करने पर महिला पर धारदार हथियार से हमला

पीड़ित परिवार के मुताबिक, बदमाशों ने घर में मौजूद लोगों के साथ मारपीट की. महिला ने विरोध और बचाव की कोशिश की तो उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया. बचाव के दौरान उसके हाथ में चोट लगने की बात सामने आई है. इसके बाद बदमाशों ने घर में रखी नकदी और कीमती सामान के बारे में पूछताछ शुरू कर दी.

10 किलो चांदी और 5 लाख रुपये की तलाश

परिवार का आरोप है कि बदमाशों ने दावा किया कि उन्हें घर में करीब 10 किलो चांदी और 5 लाख रुपये रखे होने की जानकारी मिली है. परिवार ने इतनी बड़ी रकम और चांदी होने से इनकार किया, लेकिन बदमाशों ने घर का कोना-कोना खंगालना शुरू कर दिया. उन्होंने अलमारी और दूसरे सामान की तलाशी लेकर जेवर और नकदी अपने कब्जे में ले ली.

बेटी की शादी के लिए रखे जेवर भी ले गए

पीड़ित महिला के मुताबिक, बदमाश उसके कानों के कुंडल, अंगूठियां और हाथों के कड़े समेत घर में रखे अन्य जेवर लेकर फरार हो गए. आरोप है कि बेटी की शादी के लिए संभालकर रखे गए आभूषण भी बदमाशों ने नहीं छोड़े. परिवार के अनुसार, करीब दो घंटे तक सभी लोग बदमाशों के कब्जे में रहे. इसके बाद आरोपी घर से निकलकर फरार हो गए.

CCTV फुटेज से बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश

वारदात की सूचना मिलते ही भोजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम के मुताबिक, पुलिस को घटना की सूचना मिली है और जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है.

यह भी देखें: मथुरा के ज्वेलरी शोरूम में अपने ने ही खेला खेल! करोड़ों की चोरी के पीछे छिपा राज खुला तो 7 किलो सोना बरामद

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola