मार्क्स की रेस में हारी जिंदगी! गाजियाबाद में छात्रा ने 15वीं मंजिल से लगाई छलांग, सुसाइड नोट में लिखा- 'नहीं सह सकती पढ़ाई का तनाव'
छात्रा ने 15वीं मंजिल से लगाई छलांग
गाजियाबाद के विजयनगर में 10वीं की एक 16 वर्षीय छात्रा ने भारी पढ़ाई के तनाव के चलते 15वीं मंजिल से छलांग लगा दी. उसने सुसाइड नोट में इसका जिक्र करते हुए खुद को जिम्मेदार ठहराया है. घटना से इलाके में हड़कंप मच गया.
UP Suicide News: पढ़ाई का तनाव और उससे जुड़ा मानसिक दबाव एक बार फिर एक मासूम की जिंदगी पर भारी पड़ गया. विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित गौर सिद्धार्थम सोसाइटी में 10वीं कक्षा की एक 16 वर्षीय छात्रा ने 15वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. मौके से बरामद दो पन्नों के भावुक सुसाइड नोट में छात्रा ने पढ़ाई के अत्यधिक दबाव का जिक्र करते हुए इस आत्मघाती कदम के लिए खुद को जिम्मेदार ठहराया है.
सुसाइड नोट में लिखा- पढ़ाई का दबाव नहीं झेल सकती
पुलिस को मिले नोट में छात्रा ने पढ़ाई के दबाव को अपनी परेशानी की वजह बताया है. नोट में उसने लिखा कि वह पढ़ाई का दबाव नहीं झेल सकती, इसलिए यह कदम उठा रही है. साथ ही उसने किसी को इसके लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया और खुद को जिम्मेदार बताया. नोट में छात्रा ने अपने माता-पिता के लिए ‘I Love You’ भी लिखा है. पुलिस अब सुसाइड नोट और छात्रा की लिखावट की जांच कर रही है.
शाम करीब 6:45 बजे मिली घटना की सूचना
जानकारी के मुताबिक, छात्रा अपने परिवार के साथ गौर सिद्धार्थम सोसाइटी में रहती थी और इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल में 10वीं कक्षा में पढ़ती थी. मंगलवार शाम करीब 6:45 बजे छात्रा के गिरने की सूचना मिली. गिरने की आवाज सुनकर सोसाइटी के गार्ड और आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे. इसके बाद परिवार और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई. डायल-112 के जरिए सूचना मिलने पर विजयनगर पुलिस भी मौके पर पहुंची और छात्रा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शुरू की जांच, लोगों के वीडियो बनाने पर परिजन नाराज
ACP कोतवाली उपासना पांडेय के मुताबिक, छात्रा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस सोसाइटी के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्रा किन परिस्थितियों से गुजर रही थी. घटना के बाद मौके पर कुछ लोग वीडियो बनाने लगे, जिस पर छात्रा के परिजनों ने नाराजगी जताई और लोगों से ऐसा नहीं करने की अपील की. पुलिस सुसाइड नोट और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है.
Must Read- लखीमपुर खीरी में सरकारी अस्पताल का जलभराव बना मौत का तालाब, बारिश के पानी में डूबकर युवक की मौत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए