बुलंदशहर के शिकारपुर विधायक और पूर्व मंत्री अनिल शर्मा का निधन, दिल्ली के अस्पताल में ली अंतिम सांस
भाजपा विधायक अनिल शर्मा नहीं रहे
बुलंदशहर के शिकारपुर से भाजपा विधायक और पूर्व राज्यमंत्री अनिल शर्मा का लंबी बीमारी के बाद दिल्ली के अस्पताल में निधन हो गया. उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है.
Uttar Pradesh News : बुलंदशहर की शिकारपुर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री अनिल शर्मा का बुधवार को दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया. वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे. कैंसर से पीड़ित अनिल शर्मा का दिल्ली के अस्पताल में इलाज चल रहा था. इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. अनिल शर्मा चार बार विधायक रहे थे. योगी सरकार में वह वन राज्य मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके थे.
कैंसर से पीड़ित थे अनिल शर्मा
जानकारी के मुताबिक, अनिल शर्मा लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे. उनका दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था. बुधवार को इलाज के दौरान उनका निधन हो गया. अनिल शर्मा के निधन से बुलंदशहर के शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र में शोक का माहौल है.
कम उम्र में निर्विरोध ग्राम प्रधान चुने गए थे
अनिल शर्मा बुलंदशहर जनपद के शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव सुरजावली के रहने वाले थे. उन्होंने राजनीतिक जीवन की शुरुआत ग्राम स्तर से की थी. कम उम्र में ही वह गांव सुरजावली के निर्विरोध प्रधान चुने गए थे. इसके बाद उन्होंने विधानसभा चुनाव में अपनी राजनीतिक पारी शुरू की.
2002 में पहली बार बने विधायक
अनिल शर्मा साल 2002 में पहली बार खुर्जा विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर विधायक चुने गए थे. इसके बाद साल 2007 में उन्होंने खुर्जा सीट से ही बसपा के टिकट पर दूसरी बार जीत दर्ज की. साल 2012 में उन्होंने शिकारपुर विधानसभा सीट से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद अनिल शर्मा भाजपा में शामिल हो गए.
2017 में भाजपा के टिकट पर जीते चुनाव
भाजपा में शामिल होने के बाद अनिल शर्मा ने साल 2017 में शिकारपुर विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की. इसके बाद प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार बनी, जिसमें उन्हें वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री बनाया गया. साल 2022 में अनिल शर्मा ने एक बार फिर भाजपा के टिकट पर शिकारपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और विधायक चुने गए. इस तरह वह चार बार विधानसभा के सदस्य रहे.
Also Read : कानपुर में BSF कांस्टेबल परीक्षा का पेपर लीक, छात्रों ने केंद्र पर किया जमकर बवाल, पुलिस बल तैनात
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए