कानपुर में BSF कांस्टेबल परीक्षा का पेपर लीक, छात्रों ने केंद्र पर किया जमकर बवाल, पुलिस बल तैनात
छात्रों ने केंद्र पर किया जमकर बवाल (AI)
कानपुर के एक परीक्षा केंद्र पर BSF कांस्टेबल की परीक्षा के दौरान पेपर लीक होने की खबर से परीक्षार्थी भड़क उठे. उन्होंने परीक्षा व्यवस्था के खिलाफ जमकर हंगामा किया, जिसके बाद परीक्षा रद्द कर दी गई.
BSF Constable Exam Paper Leak : कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के श्याम नगर स्थित एमडी इन्फोटेक परीक्षा केंद्र पर बुधवार को आयोजित बीएसएफ कांस्टेबल की प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान पेपर लीक होने की खबर सामने आयी. इसकी जानकारी मिलते ही परीक्षा देने पहुंचे छात्र-छात्राओं ने केंद्र पर जमकर हंगामा और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रतियोगी परीक्षाओं में सेंधमारी और पेपर लीक की घटनाओं को लेकर परीक्षार्थियों में पहले से ही नाराजगी है. बुधवार को कानपुर के इस परीक्षा केंद्र पर भी ऐसी ही स्थिति सामने आने के बाद परीक्षार्थियों में भारी आक्रोश देखा गया.
परीक्षा शुरू होने के बाद मचा हड़कंप
श्याम नगर स्थित एमडी इन्फोटेक सेंटर पर बुधवार को प्रथम पाली में BSF कांस्टेबल पद के लिए परीक्षा आयोजित की जा रही थी. परीक्षा शुरू होने के कुछ समय बाद पेपर लीक होने की खबर सामने आयी. इसके बाद परीक्षार्थियों में हड़कंप मच गया. नाराज छात्र-छात्राएं परीक्षा कक्ष से बाहर निकल आये और परीक्षा व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताने लगे. देखते ही देखते परीक्षा केंद्र पर हंगामे की स्थिति बन गयी.
40 मिनट तक सिस्टम बंद रहने का छात्रों का आरोप
परीक्षार्थियों का कहना है कि करीब 40 मिनट तक सिस्टम बंद रहा. इसके बाद सिस्टम चालू हुआ, लेकिन की-बोर्ड और माउस काम नहीं कर रहे थे. छात्रों के मुताबिक, सिर्फ सीपीयू काम कर रहा था. परीक्षार्थियों ने बताया कि इस परीक्षा में करीब 500 छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे. उनका कहना है कि वे बारिश के बीच परीक्षा देने पहुंचे थे, लेकिन अब उनके साथ ऐसा किया जा रहा है. छात्रों ने इसे उनके भविष्य और जिंदगियों से खिलवाड़ बताया.
चार घंटे तक चलता रहा हंगामा, परीक्षा कैंसिल
पेपर लीक होने की खबर और परीक्षा व्यवस्था को लेकर छात्रों का विरोध करीब चार घंटे तक चलता रहा. हंगामे के बाद परीक्षा कैंसिल कर दी गयी. इसके बावजूद छात्र-छात्राओं का विरोध जारी रहा. परीक्षार्थियों की मांग है कि आज की परीक्षा को कैंसिल कर अगली परीक्षा की तारीख जल्द घोषित की जाए. छात्र लगातार नारेबाजी करते हुए अगली परीक्षा की डेट घोषित करने की मांग कर रहे हैं.
कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलने के बाद चकेरी थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ परीक्षा केंद्र पर पहुंची. एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह, एसीपी चकेरी आशुतोष कुमार सिंह के साथ चकेरी, कैंट, जाजमऊ, नौबस्ता और रेलबाजार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारी और जवान लगातार आक्रोशित छात्र-छात्राओं को समझाने और शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं. परीक्षा केंद्र पर हंगामे के चलते तनाव की स्थिति बनी हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए