मचान पर कट रही रातें, बह गईं फसलें! बलिया में सरयू नदी का तांडव, क्या शनिवार को मिलेगी ग्रामीणों को राहत?

Updated:
विज्ञापन

बलिया में सरयू नदी का तांडव

Sarayu Flood Ballia: सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने से बलिया के उत्तरी दियरांचल में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है. गांवों में घरों तक पानी पहुंच गया है, लोग मचान पर रातें गुजारने को मजबूर हैं. मवेशियों के चारे और भोजन का संकट गहरा गया है.

विज्ञापन

Sarayu Flood Ballia: सरयू नदी के बढ़ते जलस्तर से बलिया के उत्तरी दियरांचल में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है. सिवल मठिया, गोपाल नगर, वशिष्ठ नगर, मानगढ़ समेत आसपास के गांवों में बाढ़ का पानी घरों तक पहुंच गया है. कई मकानों के आंगन और कमरों में पानी भर गया है, जबकि कुछ परिवार छतों पर रहने को मजबूर हैं. लोग चारपाई के ऊपर घरेलू सामान रखकर किसी तरह गुजारा कर रहे हैं. घरों के बाहर मचान बनाकर रात काटने की भी नौबत आ गई है.

विज्ञापन

मवेशियों के चारे का संकट, चार दिन से बिजली भी बंद

बाढ़ के पानी में मवेशियों को खड़े और बैठे रहने की मजबूरी है. पशुओं के लिए रखा भूसा और चारा भीगकर खराब हो गया है. ग्रामीणों के सामने भोजन, पीने के पानी और पशुओं के चारे का संकट खड़ा हो गया है. उनका कहना है कि शुक्रवार शाम से केवल नाव की सुविधा मिली है, जबकि अब तक बाढ़ चौकी, पर्याप्त राहत सामग्री और पका-पकाया भोजन की व्यवस्था नहीं हुई है. करीब चार हजार की आबादी वाले सिवल मठिया गांव में प्राथमिक विद्यालय और सामुदायिक शौचालय भी पानी में डूब गए हैं. राकेश सिंह के मुताबिक, करीब 40-50 घर बाढ़ से प्रभावित हैं और चार दिनों से बिजली आपूर्ति बंद है. अंधेरे में सांप और जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना हुआ है. अनिल चौधरी ने बताया कि घर के अंदर करीब एक फीट और बाहर कमर तक पानी है. बच्चों को छत पर रखना पड़ रहा है.

खाना पकाना मुश्किल, ग्रामीणों ने राहत सामग्री की मांग की

पाठक पासवान समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि घरों तक पानी पहुंच जाने से खाना पकाना भी मुश्किल हो गया है. सुदामा, मटन, श्रीराम, जय चौधरी और लक्ष्मण वर्मा समेत ग्रामीणों ने राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है. बाढ़ का असर खेतों पर भी पड़ा है. सुरेमनपुर मौजा निवासी जसवंत वर्मा का करीब दो बीघा खेत बाढ़ में बह गया, जिसमें लौकी, नेनुआ, सतपुटिया और बरबटी की खेती थी. मानगढ़ निवासी जवाहर यादव की तीन बीघा मक्का और मूली की फसल डूब गई. रामनाथ यादव उर्फ रजौली, योगेंद्र, छोटा वसंत, गुनगुन समेत कई किसानों की करीब 10 बीघा सब्जी और मक्के की खेती बर्बाद हो गई है. किसानों ने फसल क्षति का सर्वे कराकर मुआवजा देने की मांग की है.

एसडीएम बोले- प्रभावित इलाकों में भेजी जा रही नाव, शनिवार को मिलेगा राशन

एसडीएम बैरिया ने बताया कि मामला संज्ञान में है. प्रभावित क्षेत्रों में नाव भेजी जा रही है और शनिवार को पर्याप्त राशन उपलब्ध कराया जाएगा. लेखपालों को प्रभावित परिवारों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं. बाढ़ के कारण बिजली आपूर्ति बंद है. इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर जनरेटर की व्यवस्था करने का प्रयास किया जा रहा है.

Must Read- सर्किट हाउस में नमाज पर विवाद, वायरल वीडियो के बाद सपा नेता हाजी उस्मान पर मुकदमा

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola