बाइक रुकवाकर किया हमला, बलिया में ब्रांच मैनेजर को लाठियों से पीटा, जेब और डिक्की से साफ किए लाखों रुपये
बलिया में ब्रांच मैनेजर से मारपीट, 1.10 लाख की छिनैती
Balliya News: बलिया के सुखपुरा थाना क्षेत्र में रविवार रात एक सनसनीखेज वारदात हुई, जहाँ ग्लैक्सी हेल्थ इंश्योरेंस के शाखा प्रबंधक पर हमला कर करीब 1.10 लाख रुपये लूट लिए गए. घायल प्रबंधक ने पुलिस को तहरीर दी है.
Balliya News: बलिया के सुखपुरा थाना क्षेत्र के बनरही गांव में रविवार रात ग्लैक्सी हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी के बलिया शाखा प्रबंधक पर हमला कर करीब 1.10 लाख रुपये छीनने का मामला सामने आया है. घायल शाखा प्रबंधक ने तीन नामजद और दो-तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
घर लौट रहे थे शाखा प्रबंधक, रास्ते में रोककर किया हमला
बनरही गांव निवासी सुरेंद्र कुमार के मुताबिक, वह रविवार रात करीब सवा आठ बजे बाइक से बलिया से अपने घर लौट रहे थे. आरोप है कि गांव के बीच मूंजवानी के पीछे छिपे अमन यादव पुत्र राम अवतार यादव, मोहित यादव पुत्र श्रीराम यादव, नीरज यादव पुत्र राम अवतार यादव और दो-तीन अज्ञात लोगों ने उनकी बाइक रोक ली. सुरेंद्र का आरोप है कि बाइक रुकवाने के बाद सभी ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया. मारपीट में उन्हें गंभीर चोटें आईं और वह सड़क पर गिर पड़े.
जेब और बाइक की डिक्की से रुपये निकालने का आरोप
पीड़ित के अनुसार, हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद उनकी जेब और बाइक की डिक्की में रखे करीब 1.10 लाख रुपये निकाल लिए और मौके से फरार हो गए.
परिवार के लोग पहुंचे, जिला अस्पताल ले गए
घटना की जानकारी मिलते ही सुरेंद्र के पिता शिवनारायण, बेटी खुशी और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे. घायल सुरेंद्र को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया.
तीन नामजद समेत दो-तीन अज्ञात पर कार्रवाई की मांग
घायल शाखा प्रबंधक ने पुलिस को तहरीर देकर तीन नामजद आरोपियों के अलावा दो-तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए