UP Election 2027 से पहले अखिलेश यादव ने किया बड़ा वादा, इलाज के लिए कार्ड दिखाने की जरूरत नहीं होगी
अखिलेश का वादा इलाज के लिए कार्ड दिखाने की जरूरत नहीं होगी
UP Politics: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली का आरोप लगाया है. उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में डॉक्टरों और स्टाफ के भारी पद खाली हैं. सपा सरकार बनने पर गरीब मरीजों के इलाज के लिए कोई कार्ड की जरूरत नहीं होगी, यह बड़ा वादा किया है.
UP Politics: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला. स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने ‘समाजवादी ऑडिट’ पेश करते हुए दावा किया कि प्रदेश में डॉक्टरों, नर्सों और पैरामेडिकल कर्मचारियों के बड़ी संख्या में पद खाली हैं. अखिलेश ने आरोप लगाया कि पर्याप्त स्टाफ नहीं होने के कारण मरीजों को इलाज के लिए परेशान होना पड़ रहा है और सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था गंभीर चुनौतियों से जूझ रही है.
डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ के खाली पदों पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में बड़ी आबादी के मुकाबले सरकारी डॉक्टरों की संख्या पर्याप्त नहीं है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में 16,189 लोगों पर सिर्फ एक सरकारी डॉक्टर उपलब्ध है और सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों के 6,895 पद खाली हैं. इसके अलावा नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ के 24 हजार से अधिक पद खाली होने का भी दावा किया. उन्होंने AIIMS गोरखपुर और रायबरेली में खाली पदों का मुद्दा उठाकर सरकार से जवाब मांगा.
‘गरीब को कार्ड नहीं, सीधे मिलेगा इलाज’
सपा अध्यक्ष ने स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर बड़ा राजनीतिक दावा करते हुए कहा कि अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो गरीब मरीज को इलाज के लिए कोई कार्ड दिखाने की जरूरत नहीं होगी. उन्होंने कहा कि अस्पताल पहुंचने वाले जरूरतमंद व्यक्ति का सीधे इलाज किया जाएगा. अखिलेश ने गंभीर बीमारियों और विशेष रूप से कैंसर के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी वादा किया. उन्होंने सरकार पर गरीबों को अपेक्षित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया.
JPNIC से लेकर महंगाई तक सरकार पर सवाल
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने JPNIC को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि यह परियोजना समाजवादियों के लिए भावनात्मक रूप से महत्वपूर्ण है और इसे लखनऊ की पहचान बताया. अखिलेश ने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से JPNIC समेत कई सार्वजनिक परिसंपत्तियों को लेकर गलत नीतियां अपनाई जा रही हैं. उन्होंने महंगाई, चीनी और पेट्रोल की कीमतों तथा खाद की उपलब्धता का मुद्दा भी उठाया और कहा कि सपा सरकार बनने पर जरूरी वस्तुओं के दाम नियंत्रित करने की दिशा में काम किया जाएगा.
PDA, खिलाड़ियों और आगामी चुनाव पर भी बोले अखिलेश
अखिलेश यादव ने PDA को लेकर भी अपनी बात रखी और कहा कि नए सामाजिक वर्गों और युवाओं के जुड़ने से विरोधियों की बेचैनी बढ़ रही है. उन्होंने खिलाड़ियों के साथ बैठक कर उन्हें बेहतर और विश्वस्तरीय सुविधाएं देने की बात कही. आगामी चुनाव का जिक्र करते हुए सपा अध्यक्ष ने लोगों से मतदाता सूची को लेकर सतर्क रहने की अपील की. उन्होंने दावा किया कि सपा आगामी चुनावों में पूरी गंभीरता के साथ मैदान में उतरेगी और जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी.
यह भी देखें: 200 करोड़ की लागत और 864 करोड़ खर्च, देवरिया में सीएम योगी ने खोला JPNIC का राज, फिर 'बबुआ' पर कसा तंज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए