बलिया की रागिनी से मिले अखिलेश यादव, दो लाख रुपये की मदद के साथ इलाज और पढ़ाई का दिया भरोसा
बलिया की रागिनी को दो लाख रुपये का चेक देते सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव
बलिया की दिव्यांग रागिनी शनिवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिलीं. मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने रागिनी को दो लाख रुपये का चेक दिया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया.
Akhilesh Yadav Ragini Ballia News: बलिया की दिव्यांग रागिनी शनिवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिली. मनियर क्षेत्र के दिघेड़ा गांव निवासी रागिनी अपने पिता देवेंद्र राजभर और माता बबिता राजभर के साथ लखनऊ स्थित सपा कार्यालय पहुंची. बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के सपा नेता नीरज सिंह गुड्डू भी उनके साथ मौजूद रहे. मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने रागिनी को दो लाख रुपये का चेक दिया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया.
केजीएमयू में बेहतर इलाज और शिक्षा की व्यवस्था का आश्वासन
अखिलेश यादव ने रागिनी के बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के केजीएमयू में उपचार की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया, इसके साथ ही उसकी आगे की पढ़ाई का पूरा इंतजाम समाजवादी पार्टी की ओर से कराने की बात कही. इस दौरान केजीएमयू से आए एक डॉक्टर ने रागिनी का परीक्षण भी किया. सपा कार्यालय में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी रागिनी की मदद के लिए 50 हजार रुपये की नगद आर्थिक सहायता दी.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मिली थी रागिनी
रागिनी की कहानी सामने आने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उसका संज्ञान लिया था. गुरुवार को मुख्यमंत्री ने विधायक केतकी सिंह के साथ रागिनी से मुलाकात की थी. इस दौरान रागिनी और उसके परिवार से उसकी जरूरतों और इलाज के बारे में जानकारी ली गई थी. रागिनी की मदद के लिए प्रशासन और समाजसेवी संगठनों की ओर से भी प्रयास किए गए. जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह समेत कई लोग उसके घर पहुंचकर सहायता कर चुके हैं.
हादसे के बाद खराब हो गए थे दोनों पैर
रागिनी के परिजनों के अनुसार, छोटी उम्र में हुए एक हादसे के बाद उसके दोनों पैर खराब हो गए थे. दिव्यांगता के कारण उसे स्कूल आने-जाने में काफी परेशानी होती थी. इसके बावजूद पढ़ाई के प्रति उसका हौसला कम नहीं हुआ. वह दोनों पैरों से चलने में असमर्थ होने के बावजूद कूद-कूदकर स्कूल आती-जाती थी. इसी दौरान उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद रागिनी चर्चा में आ गई और लोग उसकी मदद के लिए आगे आने लगे.
पहले ही सीबीएसई स्कूल में कराया जा चुका है दाखिला
रागिनी की शिक्षा को लेकर भी प्रयास शुरू हो चुके हैं. सपा नेता नीरज सिंह गुड्डू की ओर से पहले ही नारायनपुर गांव स्थित सीबीएसई बोर्ड के बीएन इंटरनेशनल स्कूल में उसका दाखिला कराया जा चुका है. शनिवार को अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद नीरज सिंह गुड्डू ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री ने रागिनी के बेहतर इलाज और शिक्षा की पूरी व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया है. इसके बाद रागिनी और उसके परिवार के लौटने की व्यवस्था की गई. इस दौरान रामदेव यादव और राजेश यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: UP की ट्रेनों में चूहों का आतंक! 70 लाख खर्च के बाद भी नहीं थमी ‘धमाचौकड़ी’, यात्री की नाक तक काटी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए