नीला रंग अपनाकर किसे साध रहे अखिलेश यादव, चुनाव से पहले दलित वोट बैंक के लिए मास्टरस्ट्रोक, 2027 का नया PDA प्लान
नीली गमछा पहने अखिलेष यादव का समर्थकों ने किया जोरदार स्वागत
UP News: समाजवादी पार्टी अपने पारंपरिक लाल रंग से हटकर नीले रंग को अपना रही है. यह बदलाव 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव की नई राजनीतिक रणनीति का हिस्सा है, जिसका मुख्य निशाना दलित युवा वोटर हैं.
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की सियासत में रंग भी कई बार बड़ा राजनीतिक संदेश देते हैं. समाजवादी पार्टी की पहचान अब तक लाल टोपी, लाल गमछे और लाल-हरे रंग से जुड़ी रही है. लेकिन 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सपा के रंग में नीला जुड़ना चर्चा का विषय बन गया है. सवाल यही है कि अखिलेश यादव आखिर नीले रंग के जरिए किस सियासी समीकरण को साधने की कोशिश कर रहे हैं?
पहले गले में आया नीला गमछा, अब बदली छात्रसभा की ड्रेस
इस बदलाव की शुरुआत 31 अगस्त को दिखी, जब लखनऊ में सपा के जिला और महानगर अध्यक्षों की बैठक में अखिलेश यादव और शिवपाल यादव नीले गमछे में नजर आए. इससे पहले सपा नेताओं की पहचान लाल रंग वाले गमछे से ज्यादा जुड़ी रही है. इसके कुछ ही दिन बाद समाजवादी छात्रसभा के लिए नया ड्रेस कोड तय कर दिया गया. अब छात्रसभा के कार्यकर्ता नीली शर्ट और नीली पैंट या नीली टी-शर्ट और नीली जींस में नजर आएंगे. टी-शर्ट पर छात्रसभा का लोगो और सपा का चुनाव निशान साइकिल भी रहेगा.
नीला रंग आते ही क्यों होने लगी बसपा से तुलना?
यूपी की राजनीति में नीला रंग कोई सामान्य रंग नहीं है. इसे लंबे समय से दलित राजनीति, बहुजन आंदोलन और डॉ. भीमराव आंबेडकर की विचारधारा से जोड़कर देखा जाता रहा है. वहीं सपा की पारंपरिक पहचान लाल और हरे रंग से रही है. यही वजह है कि सपा के ड्रेस कोड में नीले रंग की एंट्री होते ही राजनीतिक मायने तलाशे जाने लगे हैं. खासकर तब, जब अखिलेश यादव पिछले कुछ समय से अपने पुराने यादव-मुस्लिम समीकरण से आगे बढ़कर दलित वोटरों तक पहुंच बनाने पर जोर दे रहे हैं.
असली निशाना दलित युवा और Gen-Z?
सपा के इस कदम को सिर्फ कपड़ों में बदलाव मानना आसान नहीं है. पार्टी की छात्रसभा सीधे कॉलेज और विश्वविद्यालयों से जुड़े युवाओं के बीच सक्रिय रहती है. ऐसे में नीली ड्रेस के जरिए पार्टी युवा वर्ग, खासकर दलित युवाओं के बीच अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश करती दिख रही है. पार्टी की रणनीति में Gen-Z को भी खास जगह दी जा रही है. नीली जींस और टी-शर्ट जैसे ड्रेस कोड को युवाओं के बीच ज्यादा सहज और आधुनिक पहचान से जोड़कर देखा जा रहा है.
PDA में ‘D’ को मजबूत करने की कोशिश?
अखिलेश यादव की राजनीति में पिछले कुछ वर्षों में PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक का फॉर्मूला लगातार प्रमुख रहा है. 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा ने संविधान, आरक्षण और PDA के मुद्दों को जोर-शोर से उठाया था. पार्टी को इसका फायदा भी मिला और अब 2027 के विधानसभा चुनाव में इसी सामाजिक समीकरण को और मजबूत करने की कोशिश है. ऐसे में सपा के लिए दलित वोट सिर्फ एक चुनावी संख्या नहीं, बल्कि अपने सामाजिक आधार को विस्तार देने का अहम हिस्सा है. नीले रंग को अपनाने को इसी रणनीति की एक कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है.
बसपा कमजोर हुई तो सपा ने बढ़ाया फोकस?
यूपी की राजनीति में बसपा लंबे समय तक दलित वोटरों की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत रही है. नीला रंग भी उसकी पहचान का अहम हिस्सा रहा है. लेकिन हाल के चुनावों में बसपा का प्रभाव पहले की तुलना में कमजोर हुआ है. ऐसे में सपा की कोशिश उन दलित मतदाताओं तक पहुंच बनाने की है, जो अब तक बसपा के साथ जुड़े रहे हैं. अखिलेश यादव खुद भी लोहिया और जेपी के साथ आंबेडकर और कांशीराम के विचारों को अपनाने की बात करते रहे हैं.
सिर्फ रंग नहीं, सियासी संदेश देने की कोशिश
सपा के लिए नीला रंग अपनाने का मतलब सिर्फ लाल रंग को हटाना नहीं है. यह पार्टी की उस कोशिश का हिस्सा माना जा रहा है, जिसमें वह अपनी पुरानी पहचान से आगे निकलकर सामाजिक न्याय के बड़े मंच के रूप में खुद को पेश करना चाहती है. यानी अखिलेश यादव एक तरफ अपने पुराने पिछड़े और अल्पसंख्यक आधार को बनाए रखना चाहते हैं, तो दूसरी तरफ दलित और युवा वोटरों को भी साथ जोड़ना चाहते हैं. छात्रसभा की नीली ड्रेस इसी व्यापक रणनीति का दिखाई देने वाला हिस्सा है.
2027 से पहले अखिलेश का बड़ा संदेश
यूपी विधानसभा चुनाव में अभी वक्त है, लेकिन राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. ऐसे में सपा का लाल से आगे बढ़कर नीले रंग को अपनाना पार्टी की बदलती रणनीति का संकेत माना जा रहा है. अखिलेश यादव का संदेश साफ दिखता है—सपा की राजनीति अब सिर्फ उसके पारंपरिक वोट बैंक तक सीमित नहीं रहेगी. दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और युवा, इन सभी को PDA के दायरे में लाने की कोशिश होगी. अब यह रणनीति 2027 के चुनाव में कितनी असरदार साबित होती है, यही सबसे बड़ा सवाल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए