रेलवे ने कोटा मंडल के 82 स्टेशनों पर पानी की जांच, जानिए कितने सैंपल हुए पास
रेलवे के कोटा मंडल स्टेशनों पर पानी के लिए सैंपल. फोटो- एआई
कोटा रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के लिए शुद्ध पेयजल सुनिश्चित करने हेतु सघन अभियान चलाया गया. 82 स्टेशनों पर 389 पानी की टंकियों की सफाई और 75 सैंपल की जांच की गई, जानें कितने सैंपल स्वास्थ्य मानकों पर खरे उतरे.
वेस्ट सेंट्रल रेलवे के कोटा मंडल ने यात्रियों के लिए एक बड़ा सफाई और जांच अभियान चलाया है. इसका मुख्य लक्ष्य स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है. इस अभियान के तहत कोटा मंडल के सभी 82 रेलवे स्टेशनों को कवर किया गया, जहां पेयजल स्रोतों, टंकियों और नलों की स्थिति का जायजा लिया गया.
389 पानी की टंकियां और 246 नल-वाटर बूथों की सफाई
इस विशेष अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों पर बनी 389 पानी की टंकियों और 246 नल-वाटर बूथों की गहराई से सफाई की गई. रेल प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को यात्रा के दौरान बिना किसी चिंता के शुद्ध और सेहतमंद पेयजल उपलब्ध कराना है.
प्रयोगशाला जांच में 75 सैंपल कसौटी पर उतरे खरे
गुणवत्ता की पुष्टि के लिए जल आपूर्ति स्रोतों से पानी के नमूने (सैंपल) एकत्र कर प्रयोगशाला में भेजे गए. जांच रिपोर्ट के अनुसार, जांचे गए सभी 75 पानी के नमूने स्वास्थ्य मानकों पर पूरी तरह सही पाए गए. इसके अतिरिक्त अवशिष्ट क्लोरीन (Residual Chlorine) और बैक्टीरिया से बचाव संबंधी परीक्षण भी किए गए, जिनमें पानी सुरक्षित और उपयोग योग्य साबित हुआ.
नियमित निगरानी और कड़े दिशानिर्देश लागू
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के अनुसार, रेल प्रशासन पानी की स्वच्छता और पाइपलाइनों के रखरखाव को लेकर पूरी तरह सतर्क है. रेलवे स्टेशनों पर बने वाटर बूथों, वाटर कूलरों और ओवरहैड टैंकों की समय-समय पर सफाई के लिए कड़े निर्देश जारी किए गए हैं ताकि भविष्य में भी यात्रियों को शुद्ध पेयजल मिलता रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए