Rourkela News : राउरकेला का सार्थक महापात्र समुद्र में लापता, परिजन परेशान
Published by : SUNIL KUMAR JSR Updated At : 04 Feb 2026 10:27 PM
सार्थक इए जर्सी नामक जहाज पर तैनात थे, आखिरी बार 3 फरवरी को सुबह उन्हें अपने केबिन में प्रवेश करते देखा गया था.
Rourkela News : राउरकेला छेंड कॉलोनी में पला-बढ़ा युवा नाविक सार्थक महापात्र ड्यूटी के दौरान समुद्र में लापता हो गया है. एंग्लो-ईस्टर्न शिप मैनेजमेंट के साथ अनुबंध पर कार्यरत कैडेट सार्थक महापात्र के लापता होने के बारे में कंपनी ने उनके परिवार को आधिकारिक सूचना जारी कर दी है. कंपनी के जनरल मैनेजर (एमएचआर) उमेश कुमार की ओर से भद्रक जिला के गोपालबिंदा, केसपुर में रहनेवाले सार्थक के पिता सत्यजीत महापात्र व उनकी माता रश्मिता महापात्र को सूचना दी गयी है. सार्थक राउरकेला शहर के प्रसिद्ध सर्जन डॉ विश्वजीत महापात्र के भतीजे हैं. कंपनी द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार सार्थक को इए जर्सी नामक जहाज पर तैनात किया गया था. उन्हें आखिरी बार 3 फरवरी को सुबह लगभग 6:15 बजे अपने केबिन में प्रवेश करते हुए देखा गया था. सुबह करीब 8:30 बजे चीफ ऑफिसर उनके केबिन की जांच करने गये तो केबिन खाली मिला. इसके बाद पूरे जहाज पर तलाशी अभियान शुरू किया गया. सुबह 9:40 बजे जहाज का सामान्य अलार्म बजाया गया और सभी चालक दल के सदस्यों की गिनती की गयी. इसमें सार्थक को छोड़कर चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित थे. जहाज से संकटकालीन अलर्ट जारी किया गया और आसपास की समुद्री बचाव एजेंसियों को सूचित किया गया. मॉरीशस समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (एमआरसीसी मॉरीशस) को भी अलर्ट कर दिया गया है. आसपास के समुद्री क्षेत्र में निरंतर खोज अभियान जारी है. कंपनी ने अपने पत्र में परिवार को आश्वासन दिया है कि खोज अभियान जारी है और हर नयी जानकारी साझा की जायेगी. परिवार के सदस्य यह खबर सुनकर सदमे में हैं. समाचार लिखे जाने तक सार्थक का कोई सुराग नहीं मिल पाया था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










