एनटीपीसी कणिहां प्लांट में विस्फोट, पांच घायल, दो गंभीर
प्लांट में विस्फोट के बाद की स्थिति.
ओडिशा के अनुगूल जिले के कणिहा स्थित एनटीपीसी ताप विद्युत संयंत्र में शुक्रवार रात को कोल बंकर में भीषण विस्फोट हुआ. इस घटना में कम से कम पांच कर्मचारी घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है. प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं.
अनुगूल : ओडिशा के अनुगूल जिले के कणिहा स्थित राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम (एनटीपीसी) के ताप विद्युत संयंत्र में शुक्रवार रात विस्फोट होने से कम से कम पांच कर्मचारी घायल हो गये. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार रात करीब 12.30 बजे हुई. पुलिस ने बताया कि विस्फोट में घायल हुए पांच संविदा कर्मचारियों में से तीन का इलाज एनटीपीसी के अस्पताल में जारी है, जबकि दो को बेहतर इलाज के लिए भुवनेश्वर भेजा गया है. एनटीपीसी थाना की प्रभारी निरीक्षक संयुक्ता खिल्लर ने कहा कि हल्के विस्फोट में पांच कर्मचारी घायल हो गये हैं. सभी को तुरंत एनटीपीसी अस्पताल ले जाया गया है.
जिलाधिकारी ने एनटीपीसी के अधिकारियों से की बात
इस घटना में घायल श्रमिकों में सुशांत साहू, किशोर प्रधान, बलराम प्रधान, खगेश्वर साहू व सुकदेव भूतिया शामिल हैं. इनमें खगेश्वर और सुकदेव की हालत गंभीर बतायी जा रही है. इधर, एनटीपीसी प्रबंधन की ओर से सभी घायलों की हालत स्थिर होने की जानकारी दी गयी है. अनुगूल जिलापाल अब्दाल एम अख्तर ने बताया है कि घटना की जांच चल रही है. यह विस्फोट प्लांट के यूनिट-1 के कोल बंकर में शुक्रवार देर रात हुआ. जिलापाल ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से इस दुर्घटना को लेकर एनटीपीसी के स्थानीय अधिकारियों से बातचीत की गयी है.
उच्च स्तरीय टीम ने शुरू की घटना की जांच
यह दुर्घटना क्यों व किस तरह से हुई, इसकी जांच करने के लिए प्रशासन की ओर से प्लांट प्रबंधन को निर्देश दिया गया है. वहीं एनटीपीसी की ओर से भी प्रेस में बयान जारी कर इसकी जानकारी दी गयी है. इसमें बताया गया है कि घायल श्रमिकों में से तीन को प्राथमिक चिकित्सा दी गयी तथा उनकी हालत स्थिर है. वहीं गंभीर रूप से घायलों को भुवनेश्वर स्थित सम अस्पताल भेजा गया है. इस घटना की जांच एक उच्च स्तरीय तकनीकी टीम द्वारा की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए