कंपनी से गबन छिपाने के लिए गढ़ी थी लूट की झूठी कहानी, चार गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों के बारें में जानकारी देते एसपी व अन्य पुलिस अधिकारी.
झारसुगुड़ा में कंपनी के गबन को छिपाने के लिए लूट की झूठी कहानी गढ़ने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जानें क्या है पूरा मामला।
झारसुगुड़ा : बड़माल थाना पुलिस ने नकद राशि के कथित लूटकांड मामले का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. शनिवार को बड़माल थाना में एसपी जीआर रेड्डी ने संवाददाताओं को बताया की लूट की कहानी मनगढ़ंत थी और कंपनी की नकदी के कथित गबन को छिपाने के लिए साजिश रची गयी थी.
18 अगस्त को एसएच-10 पर लूटकांड का आरोपी ने किया था दावा
एसपी जीआर रेड्डी ने बताया कि चेन्नई मुख्यालय और भुवनेश्वर क्षेत्रीय कार्यालय वाली राडियांट कैश मैनेजमेंट सर्विसेज लिमिटेड ने झारसुगुड़ा के ग्राहकों से नकदी संग्रह कर उसे बैंक खातों में जमा करने की जिम्मेदारी कैश एग्जीक्यूटिव पिंकू सुना उर्फ सना (33) को दी थी. 18 अगस्त को 2,30,780 रुपये जमा करने के बाद उसके पास विभिन्न ग्राहकों से एकत्र 5,38,697 रुपये मौजूद थे. इसके अलावा पूर्व में एकत्र 3,59,447 रुपये भी जमा नहीं किये गये थे. जब इस राशि के बारे में पूछताछ हुई, तो पिंकू ने दावा किया कि 18 अगस्त को टोयोटा शोरूम, बड़माल के पास राज्य राजमार्ग-10 पर अज्ञात लोगों ने 5,38,697 रुपये लूट लिये.
बयान में विरोधाभास पर पुलिस को हुआ संदेह
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सुना की ओर से दिये गये बयान में विरोधाभास और पहले की राशि जमा नहीं किये जाने से आरोपी पर संदेह हुआ. जांच में कथित लूट की कहानी फर्जी निकली. पुलिस के मुताबिक, नकदी को अपने सहयोगियों को सौंपकर कथित तौर पर योजनाबद्ध तरीके से लूट की झूठी कहानी तैयार की गयी थी. गिरफ्तार आरोपियों में पिंकू सुना उर्फ सना, मनोज नंदा (22), रवि सुना (29) और आनंद टांडिया (35) शामिल हैं.

4,89,700 नकद, मोबाइल व बाइक जब्त
आरोपियों के पास से 4,89,700 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद की गयीं. पुलिस ने कहा कि मामले में धन के लेन-देन और साजिश से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है तथा इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने पर कार्रवाई की जायेगी. इस अवसर पर एसडीपीओ उमाशंकर सिंह, बड़माल थानाधिकारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए