सुंदरगढ़ ग्रामीण बैंक में घुसा नकाबपोश, पिस्तौल दिखा दो लाख रुपये लूटकर हुआ फरार
घटनास्थल पर जांच करती पुलिस.
सुंदरगढ़ के ग्रामीण बैंक में नकाबपोश बदमाश ने पिस्तौल दिखाकर दो लाख रुपये लूटे। पुलिस मामले की जांच में जुटी, इलाके में दहशत का माहौल।
सुंदरगढ़ : सुंदरगढ़ सदर थाना क्षेत्र के किरेई चौक के पास स्थित ग्रामीण बैंक से साेमवार की दोपहर एक नकाबपोश बदमाश पिस्तौल के बल पर दो लाख रुपये से अधिक की नकदी लूटकर फरार हो गया. दोपहर में लंच के बाद जैसे ही बैंक कर्मचारियों ने 3:00 बजे गेट खोला, इस वारदात को अंजाम दिया गया.
बैंक में नहीं थे ग्राहक, सीसीटीवी भी खराब
जानकारी के मुताबिक, जैसे ही कर्मचारियों ने गेट खोला, एक नकाबपोश बदमाश पिस्ताैल लेकर बैंक के अंदर घुस गया. उसने बैंक कर्मचारियों को पिस्ताैल दिखाकर धमकाया और कैश बैग में भरने को कहा. दहशत में आये एक कर्मचारी ने काउंटर पर रखे दो लाख रुपये से अधिक की नकदी बैग में रख दी. बदमाश बैग छीनकर बैंक की दीवार फांदकर भागने में कामयाब हो गया. घटना के समय बैंक में कोई ग्राहक मौजूद नहीं था और बैंक का सीसीटीवी कैमरा भी काम नहीं कर रहा था, जिससे लूट में शामिल बदमाशों की संख्या का पता नहीं चल पाया है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. दिनदहाड़े हुई इस लूट से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.
संबलपुर : पत्नी की गोली मारकर की हत्या, पति गिरफ्तार
इधर, संबलपुर जिले के रेढ़ाखोल की घोषरामल पंचायत के लैंडिमाल गांव में पारिवारिक विवाद के बाद पति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि सोमवार को पति-पत्नी के बीच विवाद के दौरान नशे में धुत पति ने देसी पिस्तौल से फायर कर दिया. गोली लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गयी. घटना से गांव में सनसनी फैल गयी. सूचना पर रेढ़ाखोल पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को गिरफ्तार कर देसी पिस्तौल जब्त कर ली. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि एक महिला की उसके पति ने पारिवारिक झगड़े के बाद गोली मारकर हत्या कर दी है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए