कुचिंडा में फ्लाई ऐश लदे भारी वाहन जब्त, 3.45 लाख लगा जुर्माना
जब्त वाहन.
कुचिंडा क्षेत्र में अवैध फ्लाई ऐश के परिवहन और डंपिंग के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है. बुधवार रात पांच भारी वाहनों को जब्त कर उन पर 3.45 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया. यह कार्रवाई स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद की गई है.
बामड़ा : कुचिंडा क्षेत्र में अवैध रूप से फ्लाई ऐश के परिवहन और डंपिंग के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. बुधवार देर रात कुचिंडा-कुसुमी मार्ग पर राख लादकर जा रहे पांच भारी वाहनों को रोककर जब्त किया गया. एसडीएम सर्वानन सी ने वाहनों को रोककर पुलिस के हवाले किया. इसके बाद संबलपुर आरटीओ की टीम ने वाहनों की जांच की. जांच के बाद पांचों वाहनों पर कुल तीन लाख 45 हजार 800 रुपये का जुर्माना लगाया गया है. कुचिंडा पुलिस मामला दर्ज कर घटना की जांच कर रही है.
राख लाकर डंप किये जाने की आ रही थी शिकायतें
इन वाहनों पर क्रमशः अलग-अलग राशि का जुर्माना लगाया गया है. बताया जाता है कि पिछले कुछ महीनों से झारसुगुड़ा से कुसुमी तक भारी वाहनों में औद्योगिक राख लाकर विभिन्न स्थानों पर डंप किये जाने की शिकायतें सामने आ रही थीं. सड़क पर राख जमा रहने से बारिश के दौरान वाहन फिसलने का खतरा भी बढ़ जाता है. इस संबंध में पहले भी समाचार प्रकाशित होने के बाद अब प्रशासन की सक्रियता देखने को मिली है.
डंपिंग पर नियमित निगरानी की मांग
इधर, जब्त वाहन एक कंपनी से राख लेकर कुचिंडा क्षेत्र में डंप करने के लिए जा रहे थे. हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. राख कहां से लायी जा रही थी, किसके निर्देश पर परिवहन किया जा रहा था और इसे कहां डंप किया जाना था, इन सभी पहलुओं की जांच की मांग उठ रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कुचिंडा अपनी हरियाली और स्वच्छ पर्यावरण के लिए जाना जाता है. ऐसे में यदि अवैध रूप से राख डंपिंग का सिलसिला जारी रहा, तो इसका पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है. क्षेत्रवासियों ने राख के अवैध परिवहन और डंपिंग पर नियमित निगरानी के साथ दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए