रेलवे ट्रैक पर पहुंचा दंतैल हाथी, 45 मिनट थमा रहा ट्रेनों का परिचालन
दंतैल हाथी
बंडामुंडा रेल सेक्शन में ट्रैक पर दंतैल हाथी आने से ट्रेनों का परिचालन 45 मिनट तक बाधित रहा. सुरक्षा के लिए ट्रेनों की गति 30 किमी प्रति घंटा तय की गई.
बंडामुंडा: चक्रधरपुर रेल मंडल के बंडामुंडा सेक्शन में बुधवार रात करीब 9:10 मिनट पर एक दंतैल हाथी के रेलवे ट्रैक पर पहुंच जाने से रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया. हाथी के रेलवे लाइन पर आने की सूचना मिलते ही एहतियातन हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल लाइन पर ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया. करीब 45 मिनट तक रेलवे ट्रैक पर हाथी की मौजूदगी के कारण रेल परिचालन बाधित रहा.
बुधवार रात करीब 9:10 बजे नॉर्थ चिरूबेड़ा रिजर्व जंगल से निकलकर एक दंतैल हाथी बंडामुंडा आर-केबिन के समीप हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल लाइन पर पहुंच गया. रेलवे ट्रैक पर हाथी के आने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और संबंधित विभाग सक्रिय हो गये. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुख्य रेल लाइन पर ट्रेनों का परिचालन तत्काल रोक दिया गया. करीब 45 मिनट तक हाथी रेलवे ट्रैक के आसपास मौजूद रहा.
इसके बाद जब हाथी ट्रैक से हटा, तब स्थिति सामान्य हुई और मुख्य रेल लाइन पर ट्रेनों का परिचालन दोबारा शुरू कर दिया गया. हाथी की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे ने मुख्य लाइन की डाउन लाइन पर तत्काल कॉशन ऑर्डर जारी किया. इसके तहत इस रेलखंड से गुजरने वाली ट्रेनों की अधिकतम गति 30 किलोमीटर प्रति घंटे निर्धारित कर दी गयी, ताकि हाथी की आवाजाही के दौरान किसी भी तरह की दुर्घटना को रोका जा सके.
सुबह सात बजे जंगल में खदेड़ा
इस बीच वन विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों और रेलवे के समन्वय से दंतैल हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाये रखी. वन विभाग और स्थानीय लोगों के प्रयास से हाथी को सुबह करीब सात बजे सुरक्षित रूप से लोहंडा जंगल की ओर खदेड़ दिया गया.
गौरतलब है कि बंडामुंडा क्षेत्र में पिछले कई महीनों से रात के समय हाथियों का मूवमेंट रेलवे ट्रैक और आसपास के इलाकों में लगातार देखा जा रहा है. हाथियों के रेलवे ट्रैक पर पहुंचने से कई बार ट्रेनों का परिचालन प्रभावित होता है. वहीं, रेलवे ट्रैक और आसपास के क्षेत्रों में काम करने वाले रेलकर्मियों के बीच भी हाथियों की मौजूदगी को लेकर भय का माहौल बना रहता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए