Rourkela News : तालचेर से खमार तक मेमू ट्रेन चलाने की मांग हुई तेज

Updated:
विज्ञापन

खमार रेलवे स्टेशन. | Prabhat Khabar Network

तालचेर-बिमलगढ़ रेल परियोजना का काम पूरा होने के बावजूद ट्रेन सेवा शुरू नहीं होने से स्थानीय लोगों में भारी असंतोष है। जल्द ट्रेन चलाने की मांग की गई है।

विज्ञापन

Rourkela News : तालचेर-बिमलगढ़ रेलपथ परियोजना में तालचेर से सामल तक रेललाइन बनकर तैयार है. इसकी सुरक्षा जांच का काम भी पूरा हो चुका है. लेकिन इस रेलमार्ग पर ट्रेन सेवा शुरू नहीं किये जाने को लेकर लोगों में असंतोष है. उनका कहना है कि परियोजना पर करोड़ों रुपये की राशि खर्च होने के बाद भी लोगों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है.

विज्ञापन

जून 2024 में पाराबिल तक काम पूरा होने के बाद किया गया था परीक्षण

जानकारी के अनुसार, जनवरी, 2020 में तालचेर से सुनाखनि और मार्च, 2024 में तालचेर से सामल तक रेलपथ का निर्माण होने के साथ इसकी रेल सुरक्षा जांच (सीआरएस) भी हो चुकी है. लेकिन अब तक तालचेर से यहां तक के लिए ट्रेन सेवा की शुरुआत नहीं की गयी है. इसके अलावा जून, 2024 में पाराबिल तक काम पूरा होने के बाद रेलवे ने इस ट्रैक पर रेल इंजन चलाकर इसका परीक्षण किया था. लेकिन वहां पर आज तक सीआरएस नहीं किया गया है. इसी बीच खमार तक सात मार्च को लंबी रेल पटरी लेकर एक ट्रेन पहुंची थी. खमार में रेल पटरी बिछाने व पैंकिंग का काम अप्रैल की शुरुआत में खत्म हो चुका है. खमार तक बिजली खंभा व ब्रैकेट लगाने का काम पूरा होने के बाद भी तार खींचने का काम नहीं किया गया है. यहां का सारा काम पूरा हो चुका है, जो थोड़ा बहुत काम बचा है, उसे भी जल्द से जल्द पूरा करने में रेलवे की ओर से ढिलाई बरते जाने के आरोप स्थानीय ग्रामीणों ने लगाया है. खमार के लोगों ने कहा कि यदि रेलवे चाहती, तो मई महीने में सीआरएस का काम खत्म कर इस वर्ष रथ यात्रा से पूर्व तालचेर से खमार तक एक पैसेंजर ट्रेन चलायी जा सकती थी. लेकिन इस मामले में रेलवे से लेकर स्थानीय नेताओं ने चुप्पी साध रखी है.

अनुगूल, देवगढ़ और ढेंकानाल जिला के कई गांवों के लोगों को मिलेगा लाभ

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि तालचेर से खमार तक रेल सेवा शुरू हो जाने से अनुगूल जिले के पाल्लहड़ा, कणिहां और तालचेर, देवगढ़ जिला के रिआमाल और ढेंकानाल जिला के परजंग ब्लॉक के कई गांवों के लोगों काे लाभ पहुंचेगा. कटक व भुवनेश्वर जाने के लिए उन्हें ट्रेन पकड़ने तालचेर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे निजी या किराये के वाहनों पर खर्च होने वाले हजारों रुपयों की बचत होगी. स्थानीय लोगों ने कहा कि खुर्दा-बलांगीर परियोजना में जहां तक रेल लाइन का काम पूरा हुआ है, वहां तक ट्रेनें चलायी जा रही है. इसी तर्ज पर तालचेर-बिमलगढ़ रेल लाइन पर भी ट्रेन सेवा शुरू की जा सकती है. खमार तक जल्द से जल्द काम खत्म कर तालचेर तक मेमू ट्रेन चलाने की मांग स्थानीय लोगों ने की.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola