किसानों के खाते में पहुंची 7.76 करोड़ की राशि, झारसुगुड़ा में 38 हजार से ज्यादा लाभार्थियों को मिला लाभ
सीएम किसान सहायता राशी वितरण समारोह में मंचासीन विधायक व जिलाधिकारी
ओडिशा सरकार की सीएम-किसान योजना के तहत झारसुगुड़ा के 38,742 किसानों को 7.76 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई. जानिए पूरी खबर विस्तार से.
झारसुगुड़ा : किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण और कृषि क्षेत्र के विकास को गति देने के उद्देश्य से ओडिशा सरकार की सीएम-किसान योजना के तहत झारसुगुड़ा जिले के 38,742 लाभार्थियों को सहायता राशि प्रदान की गई. इस अवसर पर मुख्य जिला कृषि अधिकारी कार्यालय परिसर में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में झारसुगुड़ा विधायक टंकधर त्रिपाठी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए.
जिलापाल कुणाल मोतिराम चव्हाण, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री के प्रतिनिधि संजय सिंह तथा कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. समीर रंजन दाश सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित रहे.जिले में योजना के तहत 38,671 लघु एवं सीमांत किसान तथा 71 कृषि श्रमिक, कुल 38,742 लाभार्थियों को 7 करोड़ 76 लाख 19 हजार 500 रुपये की सहायता दी गई. इस दौरान भुवनेश्वर में आयोजित राज्यस्तरीय सीएम-किसान कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया.विधायक टंकधर त्रिपाठी ने कहा कि किसान राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं. सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उनके कल्याण के लिए लगातार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता उपलब्ध करा रही है.
उन्होंने कहा कि सीएम-किसान की राशि से किसान आगामी रबी फसल के लिए बीज, खाद एवं अन्य कृषि सामग्री खरीदने के साथ नुआखाई पर्व में भी लाभ उठा सकेंगे. उन्होंने किसानों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया.उल्लेखनीय है कि राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 41 लाख से अधिक किसान परिवारों के बैंक खातों में सीएम-किसान सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे हस्तांतरित की.कार्यक्रम में मुख्य जिला कृषि अधिकारी शुभश्री पाढ़ी ने स्वागत भाषण दिया, जबकि सहायक कृषि अधिकारी गगन कुमार भोई ने संचालन किया. जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों किसानों के साथ कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जिला स्तरीय अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए