Sundargarh News: बड़बिल में बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बना आठ लाख नकद व चार करोड़ के आभूषण की डकैती

Sundargarh News: बैंक ऑफ महाराष्ट्र बड़बिल में हथियारों से लैस अपराधियों ने कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बनाकर लूटपाट की.
Sundargarh News: बड़बिल-बोलानी मुख्य मार्ग पर ट्रक ओनर एसोसिएशन कार्यालय के पास स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में सोमवार को दिनदहाड़े सशस्त्र डकैती से पूरे क्षेत्र में सनसनी मच गयी. दोपहर करीब 2:05 बजे 5-6 नकाबपोश अपराधी बैंक के भीतर दाखिल हुए. उन्होंने हथियारों के बल पर बैंक के दो कर्मचारियों और वहां मौजूद ग्राहकों को डराया-धमकाया. सभी के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिये और उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया. इसके बाद बैंक से करीब आठ लाख रुपये नकद और चार करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सोने के आभूषण लूट लिये.
बैंक में लगे सीसीटीवी का डीवीआर भी साथ ले गये अपराधी
बताया जा रहा है कि बदमाश करीब 15 से 20 मिनट तक बैंक के अंदर रहे. जाते समय वे सीसीटीवी का डीवीआर भी अपने साथ ले गये, हालांकि सभी लोगों के मोबाइल फोन बाद में लौटा दिये. गौरतलब है कि यह बैंक मुख्य रूप से गोल्ड लोन प्रदान करता है, जिसके चलते बड़ी संख्या में लोग यहां अपने सोने के आभूषण गिरवी रखकर ऋण लेते हैं. घटना को देखकर आशंका जतायी जा रही है कि डकैतों ने पहले से रेकी कर रखी थी और पूरी योजना के तहत इस वारदात को अंजाम दिया.
क्योंझर पुलिस अधीक्षक व वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे, जांच जारी
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आयी. आसपास के थानों के आइआइसी, बड़बिल के एडीपीओ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी जांच में जुट गये. क्योंझर के पुलिस अधीक्षक नीतिन कुशलकर भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने बैंक कर्मचारियों और मौजूद ग्राहकों से पूछताछ की. पुलिस की ओर से इलाके के विभिन्न संपर्क मार्गों की नाकाबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. साथ ही आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को बारीकी से खंगाला जा रहा है. समाचार लिखे जाने तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि डकैत किस दिशा से आये और वारदात को अंजाम देने के बाद किस ओर फरार हुए. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




