यूएई के पर्यटन मंत्री से सीएम माझी ने की मुलाकात, ओडिशा में निवेश के अवसर तलाशने पर की चर्चा
पर्यटन मंत्री अब्दुल्ला से मिलते मुख्यमंत्री मोहन माझी
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने यूएई के पर्यटन मंत्री से मुलाकात की और राज्य में औद्योगिक निवेश के अवसरों को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की.
भुवनेश्वर: ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गुरुवार को दुबई में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अर्थव्यवस्था एवं पर्यटन मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक अल मर्री से मुलाकात की और राज्य में औद्योगिक परियोजनाएं स्थापित करने के लिए निवेशकों को आमंत्रित किया. अब्दुल्ला बिन तौक अल मर्री यूएई कैबिनेट के सदस्य और काउंसिल ऑफ इंटरनेशनल इन्वेस्टमेंट्स के अध्यक्ष भी हैं.
निवेशकों से संपर्क कार्यक्रमों व रोड शो में लिया हिस्सा
यह बैठक ओडिशा सरकार के युएई निवेश संपर्क अभियान के तहत हुई. बैठक में ओडिशा और यूएई के बीच आर्थिक एवं निवेश संबंधों को और मजबूत करने तथा राज्य में निवेश के नये अवसर तलाशने पर चर्चा हुई. अधिकारियों ने बताया कि पांच दिवसीय यूएई यात्रा पर गये माझी ने यात्रा के तीसरे दिन निवेशकों से संपर्क कार्यक्रमों और रोड शो में हिस्सा लिया.
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, माझी ने ओडिशा के अनुकूल कारोबारी माहौल, मजबूत औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र और प्रमुख क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं को रेखांकित किया तथा यूएई के निवेशकों को राज्य में अवसर तलाशने का न्योता दिया. बयान में कहा गया कि माझी एल्युमीनियम क्षेत्र के उद्योग प्रतिनिधियों के साथ एक गोलमेज बैठक में भी शामिल होंगे, जिसमें ओडिशा के एल्युमीनियम क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होगी. बयान के अनुसार, इंडियन बिजनेस एंड प्रोफेशनल काउंसिल (आइबीपीसी) के साथ भी एक बैठक प्रस्तावित है.
ओडिशा ने यूएई में 2.1 लाख करोड़ की परियोजना के लिए समझौता किया
ओडिशा सरकार ने बुधवार को यूएई में निवेश आकर्षित करने के अपने अभियान के पहले दिन करीब 2.10 लाख करोड़ रुपये के निवेश वाली 14 नयी परियोजनाओं के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये. एक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की मौजूदगी में अबू धाबी में इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी (आइएचसी) और अदाणी समूह की साझेदारी से जुड़े समझौते पर हस्ताक्षर किये गये, इससे करीब 8.68 लाख लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है.
प्रस्तावित निवेश धातु डाउनस्ट्रीम उद्योग, स्लरी पाइपलाइन, महत्वपूर्ण खनिज और दुर्लभ मृदा तत्व, रसायन एवं पेट्रोकेमिकल, नवीकरणीय ऊर्जा उपकरण, स्वास्थ्य सेवा, औद्योगिक ढांचे, पर्यटन और खेल जैसे क्षेत्रों में होगा. सरकार ने कहा कि निवेश और रोजगार के आंकड़े अनुमानित हैं तथा व्यवहार्यता अध्ययन, जांच-पड़ताल, जरूरी मंजूरियों और अंतिम समझौतों पर निर्भर हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए