रेलवे ट्रैक पर पहुंचा नौ हाथियों का झुंड, डेढ़ घंटे थमा रहा ट्रेनों का परिचालन
रेलवे ट्रैक पर पहुंचा हाथियों का झुंड.
बंडामुंडा सेक्शन में 9 हाथियों का झुंड रेलवे ट्रैक पर आ गया. इससे करीब डेढ़ घंटे तक हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल लाइन पर ट्रेनों का परिचालन रोकना पड़ा. वन विभाग ने हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा.
बंडामुंडा : चक्रधरपुर रेल मंडल के बंडामुंडा सेक्शन में रविवार रात करीब 11:05 बजे नौ हाथियों का झुंड हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल लाइन पर पहुंच गया. हाथियों के रेलवे ट्रैक पर आने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया. यात्रियों और ट्रेनों की सुरक्षा को देखते हुए एहतियातन मुख्य रेल लाइन पर ट्रेनों का परिचालन तत्काल रोक दिया गया. करीब एक घंटा 18 मिनट तक हाथियों की मौजूदगी के कारण रेल परिचालन प्रभावित रहा. हाथियों के ट्रैक से हटने के बाद रात 12:23 बजे मुख्य रेल लाइन पर ट्रेनों का परिचालन दोबारा शुरू किया गया.
संतोषपुर रिजर्व फॉरेस्ट से निकलकर पहुंचा झुंड
रविवार रात करीब 11:05 बजे संतोषपुर रिजर्व फॉरेस्ट से निकलकर नौ हाथियों का झुंड बंडामुंडा ए-केबिन से डी-केबिन के समीप हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल लाइन पर पहुंच गया. ट्रैक पर हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही रेलवे के संबंधित विभाग सक्रिय हो गये. किसी भी तरह की दुर्घटना की आशंका को देखते हुए ट्रेनों को अलग-अलग स्थानों पर रोक दिया गया.

कहां पर रोकी गयी कौन सी ट्रेन
हाथियों की मौजूदगी के कारण ट्रेन संख्या 18030-मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस को रात 11:29 बजे बिसरा में, ट्रेन संख्या 18006-समलेश्वरी एक्सप्रेस को रात 11:06 बजे क्यू केबिन के आउटसाइड, ट्रेन संख्या 18404-धनबाद-भुवनेश्वर एक्सप्रेस को रात 11:12 बजे ए-केबिन के आउटसाइड तथा ट्रेन संख्या 58659-हटिया राउरकेला पैसेंजर को रात 11:08 बजे लिंक-बी पर रोक दिया गया. इस दौरान रेलवे अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाये रहे. करीब एक घंटा 18 मिनट तक हाथियों का झुंड रेलवे ट्रैक और उसके आसपास मौजूद रहा. इसके बाद हाथियों के ट्रैक से हटने की पुष्टि होने पर रेलवे ने सुरक्षा जांच के बाद रात 12:23 बजे मुख्य लाइन पर ट्रेनों का परिचालन बहाल कर दिया.
सुबह चार बजे तक वन विभाग ने चलाया अभियान
हाथियों के झुंड को रेलवे ट्रैक से दूर रखने के लिए वन विभाग की टीम भी मौके पर सक्रिय रही. वन विभाग के कर्मियों ने देर रात से लेकर सुबह तक अभियान चलाया. करीब चार बजे हाथियों के झुंड को नॉर्थ चिरुबेड़ा जंगल की ओर खदेड़ दिया गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए बंडामुंडा के एरिया रेलवे मैनेजर (एआरएम) अमित कुमार षाड़ंगी और चीफ डीटीआइ रसानंद बारिक समेत रेलवे के अन्य अधिकारी देर रात तक कंट्रोल रूम से स्थिति की मॉनिटरिंग करते रहे. अधिकारियों ने हाथियों की गतिविधि और ट्रेनों की सुरक्षा को लेकर संबंधित कर्मचारियों को लगातार आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.

रविवार शाम चार बजे भी ट्रैक के पास पहुंच गया था हाथी
बंडामुंडा क्षेत्र में पिछले कई महीनों से रात के समय हाथियों का मूवमेंट रेलवे ट्रैक और आसपास के इलाकों में लगातार देखा जा रहा है. हाथियों के ट्रैक पर पहुंचने के कारण पहले भी कई बार ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है. रविवार शाम को भी एक दंतैल हाथी के रेल ट्रैक के पास आ जाने के कारण करीब 45 मिनट तक मुख्य रेल लाइन पर ट्रेनों का परिचालन रोकना पड़ा था. हाथियों के लगातार रेलवे ट्रैक के आसपास पहुंचने से रात में ड्यूटी करने वाले रेलकर्मियों में भी भय का माहौल बना हुआ है. रेलवे ट्रैक और आसपास के क्षेत्रों में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए