Rourkela News: राउरकेला ने बलांगीर को तीन विकेट से हराया

Rourkela News: इस्पात स्टेडियम में चौथी अंतर जिला महिला क्रिकेट प्रतियोगिता शनिवार को शुरू हुई. इसका फाइनल रविवार को खेला जायेगा.
Rourkela News: राउरकेला वीमेन क्रिकेट एसोसिएशन की मेजबानी में चौथी दो दिवसीय अंतर जिला महिला क्रिकेट प्रतियोगिता शनिवार से शुरू हुई है. सेक्टर-6 इस्पात स्टेडियम में आयाेजित इस प्रतियाेगिता में कुल चार टीमें हिस्सा ले रही हैं. पहले दिन राउरकेला की टीम ने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया. प्रतियोगिता का फाइनल मैच रविवार को खेला जायेगा.
महिला क्रिकेटरों ने अपनी प्रतिभा व दृढ़ता से देश का नाम रोशन किया : कमल अग्रवाल
इस प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर समाजसेवी कमल अग्रवाल व अनिता अग्रवाल ने योगदान दिया. अन्य अतिथियों में राउरकेला चेंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज के पूर्व अध्यक्ष सुनील कयाल, मंजूला पाढ़ी, प्रदीप पटनायक, विष्णुप्रिया स्वांई, निहारिका बस्तिया, मिनती पंडा व सिमरनजीत कौर मंचासीन थे. मुख्य अतिथि कमल अग्रवाल ने कहा कि आज महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ियों ने हमें दिखाया है कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं. मिताली राज, हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना जैसी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और दृढ़ता से देश का नाम रोशन किया है. हमें उनकी सफलता से प्रेरणा लेनी चाहिए और महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए. अनिता अग्रवाल ने कहा कि महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ियों ने हमें दिखाया है कि महिलाएं किसी भी चुनौती का सामना कर सकती हैं. अन्य अतिथियों ने अपने प्रेरक भाषण से प्रतियोगिता में शामिल महिला क्रिकेटरों काे प्राेत्साहित किया.
राउरकेला, बलांगीर, संबलपुर व बालेश्वर की टीमें शामिल
शनिवार को उद्घाटन मैच राउरकेला और बलांगीर की टीम के बीच खेला गया. बलांगीर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की. राउरकेला ने तीन विकेट से मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया. इस मैच में चार ओवर में 21 रन देकर दो विकेट चटकानेवाली संगीता खड़िया को बेस्ट बॉलर व 27 गेंद पर 39 रनों की पारी खेलनेवाली रश्मित चिनहारा को बेस्ट बैटर का पुरस्कार मिला. इस टूर्नामेंट में राउरकेला व बलांगीर के साथ संबलपुर व बालेश्वर की टीमें भी शामिल हैं. यह प्रतियोगिता ओडिशा क्रिकेट एसोसिएशन की मुख्य चयनकर्ता सह इवेंट काे-ऑर्डिनेटर सस्मिता पटनायक, इवेंट को-ऑर्डिनेटर सुजाता राउत की देखरेख में आयोजित हो रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




