रांची : चर्चित जमीन कारोबारी कमल भूषण हत्याकांड के सरकारी गवाह पर जानलेवा हमला, मिसफायर से बची जान
बंदूक (ai generated image )
चर्चित जमीन कारोबारी कमल भूषण हत्याकांड के सरकारी गवाह मुनव्वर अफाक पर रविवार सुबह अपराधियों ने जानलेवा हमला किया. सौभाग्य से, पिस्टल मिसफायर होने के कारण उनकी जान बच गई.
रांची से राजेश कुमार की रिपोर्ट
Kamal Bhushan murder case: चर्चित जमीन कारोबारी कमल भूषण हत्याकांड के सरकारी गवाह मुनव्वर अफाक पर रविवार सुबह कांटाटोली चौक के समीप बेखौफ अपराधियों ने जानलेवा हमला करने का प्रयास किया. बाइक पर सवार तीन अपराधी अचानक मुनव्वर के पास पहुंचे और उन पर पिस्टल तान दी. आरोपियों में एक ने हेलमेट पहन रखा था, दूसरा गमछे से अपना चेहरा छिपाए हुए था, जबकि तीसरे का चेहरा साफ दिखाई दे रहा था. हालांकि, ऐन वक्त पर पिस्टल मिसफायर हो गई, जिससे मुनव्वर अफाक की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया. घटना को अंजाम देने में असफल रहने के बाद तीनों अपराधी बाइक से तेजी से नामकुम की दिशा में फरार हो गए.
एलेक्स और कटला का नाम आया सामने
घटना के बाद मुनव्वर अफाक ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि कांटाटोली चौक पर घात लगाकर बैठे अपराधियों ने उन पर हमला किया. उन्होंने दावा किया कि हमलावरों में एलेक्स और विशाल उर्फ कटला नाम के दो कुख्यात अपराधी शामिल थे. जबकि तीसरे साथी की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है. शुरुआती जानकारियों के मुताबिक, हमलावरों का कनेक्शन प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआइ से जुड़े होने की बात सामने आ रही है.
जेल में बंद कुजूर बंधुओं पर साजिश का आरोप
मुनव्वर ने इस हमले के पीछे कमल भूषण हत्याकांड में सजा काट रहे डब्ल्यू कुजूर और राहुल कुजूर के इशारे होने की आशंका जतायी है. उन्होंने बताया कि अदालत में सरकारी गवाह बनने के बाद से ही जान से मारने की धमकियां दी गयी थी. कहा कि कमल भूषण के बेटे को भले ही नहीं मारेंगे, लेकिन तुमको जरूर मारेंगे.
पुलिस महकमे में हड़कंप, इलाके की नाकेबंदी
वारदात की सूचना मिलते ही लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गये. अपराधियों के भागने की दिशा में नाकेबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें- 70 साल बाद भी बैरांव स्कूल तक नहीं बनी पक्की सड़क, कीचड़ में जाते हैं बच्चे
फैसले से बौखलाये हैं आरोपी
गौरतलब है कि 22 सितंबर 2025 को अदालत ने कमल भूषण हत्याकांड में राहुल कुजूर, डब्ल्यू कुजूर और काविस अदनान को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनायी थी, जबकि सरकारी गवाह बनने पर मुनव्वर अफाक को बरी कर दिया गया था. मामले के अन्य आरोपी छोटू कुजूर सहित कुछ लोग अब भी जेल में बंद हैं.
30 मई 2022 को हुई थी कमल भूषण की हत्या
30 मई 2022 को गैलेक्सिया मॉल के पास कमल भूषण की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. जमीन कारोबार में पैसों के लेन-देन और पारिवारिक रंजिश के कारण इस घटना को अंजाम दिया गया था. बाद में कमल भूषण के आर्थिक मामलों की देखभाल करने वाले उनके अकाउंटेंट संजय कुमार की भी पैसों के विवाद में हत्या कर दी गयी थी.
ये भी पढ़ें- लिटिल फ्लावर स्कूल में धर्मबहनों के नवनिर्मित आवास का उद्घाटन, विधायक भूषण बाड़ा ने काटा फीता
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए