पश्चिमी सिंहभूम: चक्रधरपुर को मिली आधुनिक बस स्टैंड की सौगात, 14.11 करोड़ की लागत से होगा निर्माण 

Updated:
विज्ञापन
Chakradharpur New Bus Stand

बस पढ़ाव का प्रस्तावित मॉडल

Chakradharpur New Bus Stand : चक्रधरपुर में 14.11 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण होगा. ई-टेंडर जारी हो चुका है और 18 माह में काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. नई सुविधा से यात्रियों को बेहतर आवागमन, आधुनिक सुविधाएं और शहर को सुव्यवस्थित परिवहन व्यवस्था मिलेगी.

विज्ञापन

शीन अनवर, चक्रधरपुर (पश्चिमी सिंहभूम)

Chakradharpur New Bus Stand : पश्चिमी सिंहभूम जिले के प्रमुख व्यावसायिक और  रेल नगरी चक्रधरपुर के लोगों के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित नए बस पड़ाव का सपना अब साकार होने की दिशा में बढ़ गया है. शहर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए बस स्टैंड के निर्माण के लिए झारखंड अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड ने 14 करोड़ 11 लाख 1 हजार 136 रुपये की लागत से निविदा जारी कर दी है. इस परियोजना के पूरा होने के बाद चक्रधरपुर को पहली बार एक व्यवस्थित और आधुनिक बस टर्मिनल की सुविधा मिलेगी, जिससे हजारों यात्रियों को प्रतिदिन लाभ होगा.

व्यवस्थित बस पड़ाव नहीं होने से यात्रियों को परेशानी

वर्तमान में चक्रधरपुर में कोई व्यवस्थित बस पड़ाव नहीं है. विभिन्न मार्गों की बसें अलग-अलग स्थानों से संचालित होती हैं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. बसों के सड़क किनारे रुकने और यात्रियों के चढ़ने-उतरने से अक्सर जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है. बरसात और गर्मी के मौसम में यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय, शौचालय, पेयजल और बैठने जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव रहता है.

नए बस स्टैंड में यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं 

ऐसे में नए बस स्टैंड का निर्माण शहर के लिए किसी बड़ी सौगात से कम नहीं माना जा रहा है. प्रस्तावित बस स्टैंड में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, पेयजल, शौचालय, पार्किंग, बसों के लिए निर्धारित प्लेटफॉर्म, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित किए जाने की संभावना है. इससे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिलेगा.

ई-टेंडर जारी, 18 माह में पूरा होगा निर्माण

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए ई-टेंडर के माध्यम से निविदाएं आमंत्रित की गई हैं. टेंडर जमा करने की अंतिम तिथि 20 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है, जबकि निविदाएं 21 जुलाई 2026 को खोली जाएंगी. चयनित एजेंसी को कार्यादेश मिलने के बाद 18 माह के भीतर निर्माण कार्य पूरा करना होगा.

शहर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम: सन्नी उरांव 

नगर परिषद चक्रधरपुर के अध्यक्ष सन्नी उरांव ने कहा कि शहर को आधुनिक बस पड़ाव उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे. राज्य सरकार और संबंधित विभाग के समक्ष इस आवश्यकता को लगातार उठाया गया, जिसके परिणामस्वरूप अब टेंडर जारी हो गया है. उन्होंने कहा कि यह केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि चक्रधरपुर के समग्र शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है. उन्होंने विश्वास जताया कि नया बस स्टैंड बनने से शहर की यातायात व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित होगी, बसों का संचालन निर्धारित स्थान से होगा और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी. साथ ही, शहर की पहचान भी एक आधुनिक नगर के रूप में मजबूत होगी.

स्थानीय लोगों ने नए बस स्टैंड का किया स्वागत 

स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि चक्रधरपुर रेलवे के दृष्टिकोण से तो पूरे देश में अपनी अलग पहचान रखता है, लेकिन बस परिवहन के लिए अब तक एक समुचित बस स्टैंड का अभाव था. इस कारण दूर-दराज से आने वाले यात्रियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों तथा ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था.

नए बस स्टैंड से आवागमन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा 

नया बस स्टैंड बनने से न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों के लिए भी आवागमन अधिक सुगम होगा. साथ ही स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा. नगरवासियों को उम्मीद है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा कर चक्रधरपुर को शीघ्र ही एक आधुनिक और सुविधासंपन्न बस पड़ाव की सौगात मिलेगी.

ये भी पढ़ें: पलामू फैमिली डेथ केस : एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत मामले में सरकार ने दिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश 

ये भी पढ़ेंपलामू: 10 दिन में एक ही परिवार के 5 लोगों की गई जान, ओझा का दिया भभूत खाने का शक

विज्ञापन
प्रिया गुप्ता

लेखक के बारे में

By प्रिया गुप्ता

प्रिया गुप्ता पिछले एक साल से प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola