चक्रधरपुर में नहीं थम रही चोरी की वारदातें, बंद घरों से लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ
चक्रधरपुर में नहीं थम रही चोरी की वारदातें, बंद घरों से लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ | Prabhat Khabar Network
चक्रधरपुर में नहीं थम रही चोरी की वारदातें, बंद घरों से लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ
चक्रधरपुर, प्रतिनिधि चक्रधरपुर शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. हाल के दिनों में शहर के अलग-अलग इलाकों में हुई दो बड़ी चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. बांग्लाटांड़ वार्ड संख्या-19 और पुरानी बस्ती क्षेत्र में चोरों ने घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के जेवरात, नकदी और अन्य सामान की चोरी कर ली.
आपके शहर में
लगातार हो रही घटनाओं से शहरवासियों में असुरक्षा का माहौल व्याप्त है और लोग पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाने की मांग कर रहे हैं. प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर क्षेत्र के बांग्लाटांड़ वार्ड संख्या-19 स्थित मोहम्मद साहब के घर में देर रात चोरी की वारदात हुई. बताया जाता है कि घर के सभी सदस्य किसी आवश्यक कार्य से बाहर गए हुए थे. इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया.
घर के भीतर रखी अलमारी को तोड़कर चोरों ने लगभग पांच लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण तथा 12 हजार रुपये नकद की चोरी कर ली और फरार हो गए. परिजन जब वापस लौटे तो घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ पाया. अंदर प्रवेश करने पर देखा कि अलमारी खुली हुई थी और घर का सामान बिखरा पड़ा था. यह दृश्य देखकर परिवार के सदस्यों के होश उड़ गए. इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और घटना पर चिंता व्यक्त की.
इधर, विगत दिनों शहर के पुरानी बस्ती क्षेत्र में भी एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई थी. जानकारी के अनुसार क्षेत्र की एक शिक्षिका के घर को चोरों ने निशाना बनाया. गर्मी के कारण सभी लोग छत पर सोए थे. जिसका फायदा उठाकर चोरों ने रात के अंधेरे में घर में प्रवेश किया और अलमारी तथा अन्य सामानों की तलाशी ली. चोरों ने घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा अन्य कीमती सामानों की चोरी कर ली. घटना की जानकारी तब हुई जब परिवार के सो कर उठे और छत से नीचे आए. अंदर जाकर देखा तो कमरों का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और शोकेस से कीमती सामान गायब था. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में आक्रोश है.
नागरिकों का कहना है कि शहर में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाओं में वृद्धि हुई है, लेकिन इसके बावजूद अपराधियों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है. लोगों का आरोप है कि कई इलाकों में रात के समय पर्याप्त पुलिस गश्ती नहीं होने के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं. स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी करने तथा चोरी की घटनाओं में शामिल अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ सकती है. पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी तथा आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी. पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि घर छोड़कर बाहर जाने की स्थिति में पड़ोसियों को इसकी जानकारी दें और सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए