चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र के 236 मतदान केंद्रों पर बीएलओ, बीएलए-2 एवं चुनाव पाठशाला की बैठक

बैठक में शामिल लोग | Prabhat Khabar Network
चक्रधरपुर विधानसभा के 236 मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बीएलओ और बीएलए-2 की बैठक आयोजित की गई. जानिए पूरी जानकारी.
प्रतिनिधि, चक्रधरपुर
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मंगलवार को 56-चक्रधरपुर (अनुसूचित जनजाति) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के सभी 236 मतदान केंद्रों पर बीएलओ, बीएलए-2 एवं चुनाव पाठशाला की बैठक आयोजित की गई. बैठक का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाते हुए निर्वाचन प्रक्रिया में सभी संबंधित पक्षों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना था.
बैठक में मतदाताओं, बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ), बूथ लेवल एजेंट-2 (बीएलए-2), विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों को मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई. उपस्थित लोगों को बताया गया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है. प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना तथा अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाया जाना जरूरी है.
बैठक में बताया गया कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान विशेष रूप से ऐसे मतदाताओं की पहचान की जा रही है, जो अनुपस्थित, स्थायी रूप से स्थानांतरित, मृत अथवा दोहरी प्रविष्टि वाले हैं. निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रत्येक व्यक्ति का नाम केवल एक ही विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में होना चाहिए. यदि किसी मतदाता का नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज है, तो नियमानुसार उसे एक स्थान पर ही रखा जाएगा. इसी प्रकार मृत मतदाताओं के नाम भी आवश्यक प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची से हटाए जाएंगे.
चुनाव पाठशाला के माध्यम से मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूची के महत्व, पुनरीक्षण अभियान की प्रक्रिया तथा विभिन्न प्रपत्रों के उपयोग की जानकारी भी दी गई. उपस्थित लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया.
मतदाताओं से अपील की गई कि वे अपने परिवार एवं आसपास के लोगों के मतदाता विवरण का सत्यापन अवश्य करें. यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तो निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करें. वहीं, किसी मतदाता की मृत्यु, स्थायी स्थानांतरण अथवा दोहरी प्रविष्टि की जानकारी संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया गया.
चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी 236 मतदान केंद्रों पर आयोजित इस बैठक में बीएलओ, बीएलए-2, बीएलओ सुपरवाइजर, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में मतदाताओं ने भाग लिया और मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग का संकल्प लिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










