सड़क बनी तालाब तो गड्ढों में उतर गये ग्रामीण, मछली पकड़कर जताया विरोध

Updated:
विज्ञापन

प्रदर्शन करते ग्रामीण| Prabhat Khabar Network

झारखंड के बानो में जर्जर सड़क से परेशान ग्रामीणों ने गड्ढों में जमा पानी में मछली पकड़कर और नहाकर प्रशासन के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन किया.

विज्ञापन

बानो. सड़क की बदहाली से परेशान ग्रामीणों ने सोमवार को प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया. बानो प्रखंड के पाबुड़ा मोड़ से केबेटांग होते हुए गेनमेर तक जाने वाली सड़क पर पाबुड़ा गिरजाटोली के समीप ग्रामीणों ने सड़क जाम कर गड्ढों में जमा पानी में मछली पकड़ी. इसके बाद ग्रामीण उसी पानी में बैठकर नहाने लगे. ग्रामीणों के इस प्रदर्शन को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी.

आपके शहर में

विज्ञापन

वर्षों से खराब है सड़क की स्थिति

ग्रामीणों ने बताया कि बानो मुख्य पथ के पाबुड़ा मोड़ से केबेटांग, पांगुर, टोनिया और गेनमेर होते हुए हुरदा तक जाने वाली सड़क की स्थिति कई वर्षों से खराब है. सड़क पर जगह-जगह एक से दो फीट तक गहरे गड्ढे बन गये हैं. बारिश के दौरान इनमें पानी भर जाने से सड़क तालाब जैसी नजर आती है.

स्कूली बच्चों, मरीजों और वाहन चालकों को हो रही परेशानी

बदहाल सड़क के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों, मरीजों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है. ग्रामीणों के अनुसार गड्ढों के कारण कई बाइक सवार गिरकर घायल हो चुके हैं. बड़े वाहनों के फंसने से कई बार घंटों जाम भी लग जाता है.

सड़क की मरम्मत के नाम पर मिला सिर्फ आश्वासन

ग्रामीणों ने कहा कि सड़क की मरम्मत के लिए कई बार मुखिया, विधायक और संबंधित विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गयी, लेकिन सिर्फ आश्वासन मिला. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द सड़क की मरम्मत और पक्कीकरण शुरू नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन करते हुए प्रखंड मुख्यालय का घेराव करेंगे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola