सिमडेगा में सड़क विकास को मिली रफ्तार, विधायक ने तीन सड़कों का किया शिलान्यास
फीता काटकर शिलान्यास करते विधायक बिक्सल कोंगाडी | Prabhat Khabar Network
कोलेबिरा में विधायक नमन बिक्सल कोंगाडी ने तीन महत्वपूर्ण ग्रामीण सड़कों का शिलान्यास किया. इससे ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी.
सिमडेगाः मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कोलेबिरा प्रखंड क्षेत्र में तीन महत्वपूर्ण ग्रामीण सड़कों के सुदृढ़ीकरण एवं कालीकरण कार्य का शिलान्यास शनिवार को विधायक नमन बिक्सल कोंगाड़ी ने किया. श्रीकोंडेकेरा चौक परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने नारियल फोड़कर और शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य की शुरुआत की. इससे पहले ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों, गीत और नृत्य के साथ विधायक व अतिथियों का स्वागत किया.
तीन सड़कों का होगा सुदृढ़ीकरण
जिन सड़कों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य होना है, उनमें कोलेबिरा-बानो मुख्य सड़क स्थित अंबाटोली से श्रीकोंडेकेरा तक की सड़क, बोंगराम अंबाटोली से केउंदपानी होते हुए कीनबीरा तक की सड़क तथा लरबा से शिवनाथपुर, श्रीकोंडेकेरा, शाहपुर होते हुए बरसलोया मोड़ तक की सड़क शामिल है.
सड़कें विकास की महत्वपूर्ण कड़ी : विधायक
मौके पर विधायक नमन बिक्सल कोंगाड़ी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं. सड़क निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बाजार तक पहुंच भी आसान होगी. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण की मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है. गांवों का विकास उनकी प्राथमिकता है.
ये भी पढ़ें- JSSC नियुक्ति घोटाले की सीआईडी जांच में हो रही लीपापोती: बाबूलाल मरांडी
गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं होगी
विधायक ने संबंधित विभाग के एई, जेई और संवेदक को गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने ग्रामीणों से भी निर्माण कार्य की निगरानी करने और किसी तरह की गड़बड़ी की आशंका होने पर तत्काल जानकारी देने की अपील की.
जनता दरबार में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान जनता दरबार का भी आयोजन किया गया. विधायक ने बारी-बारी से ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनसे संबंधित आवेदन प्राप्त किये. उन्होंने समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने का आश्वासन दिया. कार्यक्रम को कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष राकेश कोंगाडी, विधायक प्रतिनिधि सह कांग्रेस जिला सचिव सुलभ नेल्सन डुंगडुंग समेत अन्य लोगों ने भी संबोधित किया.
मौके पर सांसद प्रतिनिधि सुनील खड़िया, 15 सूत्री जिला कार्यक्रम सदस्य क्लेमेंट टेटे, कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रदेश सचिव फुलकेरिया डांग, बानो कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष रफिक अंसारी, युवा अध्यक्ष अमृत डुंगडुंग समेत कांग्रेस के जिला व प्रखंड पदाधिकारी, पंचायत अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे. कार्यक्रम का संचालन राकेश कोनगाड़ी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सुलभ नेल्सन डुंगडुंग ने किया.
ये भी पढ़ें- झारखंड चेंबर चुनाव: 65 प्रत्याशी मैदान में, 4214 मतदाता तय करेंगे 21 कार्यकारिणी सदस्य
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए