PLFI उग्रवादियों से मुठभेड़ में साहस दिखाने वाले हवलदार अरविंद मिंज को मिला गैलेंट्री प्रमोशन
हवलदार के कंधे पर स्टार लगाते एसपी | Prabhat Khabar Network
पीएलएफआई उग्रवादियों के खिलाफ अदम्य साहस दिखाने वाले सिमडेगा के हवलदार अरविंद मिंज को गैलेंट्री प्रमोशन मिला है. एसपी ने उन्हें स्टार लगाकर सम्मानित किया.
सिमडेगाः पीएलएफआई उग्रवादियों के खिलाफ अभियान में अदम्य साहस और उत्कृष्ट कार्यकुशलता का प्रदर्शन करने वाले सिमडेगा जिला बल के हवलदार अरविंद मिंज को गैलेंट्री प्रमोशन मिला है. उन्हें 12 मई 2018 की घटना की तिथि के प्रभाव से प्रा.अ.नि. (प्रोन्नत पद) के रूप में पदोन्नति दी गई है. इस अवसर पर 12 सितंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में पीपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे ने नवप्रोन्नत प्रा.अ.नि. अरविंद मिंज के कंधे पर स्टार लगाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें सम्मानित किया. बताया गया कि जलडेगा (बांसजोर) थाना कांड संख्या 25/18 के तहत 12 मई 2018 को सीहरजोर, पहान टोली पहाड़ पर पुलिस और पीएलएफआई दस्ते के बीच मुठभेड़ हुई थी. इस दौरान अरविंद मिंज पुलिस अधिकारियों के साथ अग्रिम मोर्चे पर डटे रहे और अदम्य साहस का परिचय दिया.
मुठभेड़ में कुख्यात उग्रवादी लुथर डांग उर्फ पांडु उर्फ लंबू मारा गया था. वहीं, सक्रिय उग्रवादी प्रफुल्ल किस्पोट्टा और प्रमोद लकड़ा को भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया गया था. इस साहसिक कार्रवाई में अरविंद मिंज की भूमिका महत्वपूर्ण रही थी.
ये भी पढ़ें- झारखंड चेंबर चुनाव: 65 प्रत्याशी मैदान में, 4214 मतदाता तय करेंगे 21 कार्यकारिणी सदस्य
वीरता के लिए पुलिस पदक से भी हो चुके हैं सम्मानित
अरविंद मिंज को उनके शौर्यपूर्ण कार्य के लिए गृह मंत्रालय, भारत सरकार तथा झारखंड के पुलिस महानिदेशक सह पुलिस महानिरीक्षक की ओर से प्रतिष्ठित ‘वीरता के लिए पुलिस पदक’ (पीएमजी) से भी अलंकृत किया जा चुका है. 31 जुलाई 2026 को आयोजित समिति की बैठक में की गई अनुशंसा के आधार पर उन्हें घटना की तिथि से गैलेंट्री प्रमोशन प्रदान किया गया है.
पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे ने अरविंद मिंज के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी कर्तव्यनिष्ठा और साहस की सराहना की. उन्होंने जिला बल के अन्य पुलिसकर्मियों से भी उनके साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा से प्रेरणा लेने की अपील की. समारोह में एसडीपीओ सिमडेगा, वरीय पुलिस उपाधीक्षक, परिचारी प्रवर, सभी अंचल पुलिस निरीक्षक, थाना एवं ओपी प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे.
ये भी पढ़ें- प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0: 2,896 लाभुक चयनित, 34 को मिला स्वीकृति पत्र
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए