Simdega News: स्कूल का पुराना भवन बना चोरों का निशाना, खिड़की-दरवाजे तक खोल ले गये
चोरी करके रखे गए खिड़की और दरवाजे के पले एवं खिड़की | Prabhat Khabar Network
कोलेबिरा प्लस टू उच्च विद्यालय के पुराने भवन से असामाजिक तत्वों द्वारा लोहे की खिड़की और दरवाजे चोरी किए जा रहे हैं. प्रशासन को घटना की जानकारी नहीं है.
कोलेबिरा. प्रखंड मुख्यालय स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय का पुराना भवन इन दिनों चोरों के निशाने पर है. नये भवन में कक्षाएं संचालित होने के बाद पुराने भवन को छोड़ दिया गया है. इसका फायदा उठाकर असामाजिक तत्व और चोर लोहे की खिड़कियों और दरवाजों के पल्ले खोलकर ले जा रहे हैं. हैरानी की बात यह है कि विद्यालय प्रशासन को इसकी जानकारी तक नहीं है.
आपके शहर में
खिड़की-दरवाजे के पल्ले गायब
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार पुराने विद्यालय भवन की लोहे की लगभग सभी खिड़कियों और दरवाजों के पल्ले चोरी कर लिये गये हैं. भवन की निगरानी नहीं होने के कारण चोर आसानी से चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं. ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी. ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय भवन से चोरी किये गये लोहे के दरवाजे और खिड़कियों के पल्ले चोरों ने एनएच किनारे स्थित खंडहर पड़े डाक बंगले में रखे हैं.
स्कूल प्रशासन बोला- जानकारी नहीं
विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापक आभा प्रमिला मिंज ने बताया कि उन्हें पुराने भवन से खिड़की और दरवाजे चोरी होने की जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि अगर चोरी हुई है, तो इस संबंध में थाने में लिखित सूचना दी जायेगी.
पुराने भवन की सुरक्षा पर सवाल
नये भवन में स्कूल की कक्षाएं शुरू होने के बाद पुराने भवन की देखरेख नहीं होने से उसकी सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं. ग्रामीणों ने विद्यालय और संबंधित विभाग से पुराने भवन की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि सरकारी संपत्ति की चोरी रोकी जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए