सिमडेगा में इस्कॉन का नंद उत्सव, 108 कलशों से हुआ श्रीकृष्ण का अभिषेक
संदेश सुनाते अतिथि, भगवान कृष्ण की लीला प्रस्तुत करती कृष्णभक्त, उपस्थित श्रद्धालू, भंडारा में शामिल लोग | Prabhat Khabar Network
सिमडेगा में इस्कॉन द्वारा आयोजित भव्य नंद उत्सव में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। भगवान श्रीकृष्ण का अभिषेक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को भक्तिमय बनाया।
सिमडेगा : सिमडेगा के स्थानीय नगर भवन में इस्कॉन की ओर से भव्य नंद उत्सव का आयोजन किया गया. धार्मिक और आध्यात्मिक माहौल में आयोजित कार्यक्रम में जिलेभर से 2,500 से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए. कार्यक्रम की शुरुआत श्रीमन् मधुसूदन मुकुंद प्रभु के आध्यात्मिक प्रवचन से हुई. उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और उनके संदेशों पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को प्रेरित किया.
108 कलशों से हुआ अभिषेक
प्रवचन के बाद वैदिक विधि-विधान से 108 कलशों के जल से भगवान श्रीकृष्ण का अभिषेक किया गया. अभिषेक कार्यक्रम में शहर के गणमान्य अतिथियों ने भी हिस्सा लिया. इस दौरान नगर भवन परिसर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा.
संकीर्तन में झूमे श्रद्धालु
अभिषेक के बाद रांची से पहुंचे कलाकारों और इस्कॉन सिमडेगा की बालिकाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं. इसके बाद संकीर्तन का आयोजन हुआ. भगवान के भजनों पर महिला, पुरुष और बच्चे झूमते नजर आये. कलाकारों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया और पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा.
महाप्रसाद के साथ हुआ समापन
आयोजकों ने बताया कि नंद उत्सव का उद्देश्य लोगों को भगवान श्रीकृष्ण के प्रेम, भक्ति और सद्भावना के संदेश से जोड़ना है. कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया. श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए