सौहार्द के साथ मनेगा ईद मिलादुन्नबी पर्व, शांति समिति की बैठक में बनी क्या योजना
ईद मिलादुन्नबी पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक, डीसी, एसपी व अन्य शामिल
सिमडेगा में ईद मिलादुन्नबी पर्व को सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पर्व को आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई.
सिमडेगा से रविकांत साहू की रिपोर्ट
आपके शहर में
सिमडेगा. ईद मिलादुन्नबी पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर उपायुक्त कंचन सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय के सभागार में जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक हुई. बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ शांति समिति के सदस्यों ने पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की.
बैठक में बताया गया कि 25 अगस्त को बाइक रैली निकाली जायेगी. रैली सिमडेगा कॉलेज मोड़ से शुरू होकर केलाघाट रोड होते हुए केलाघाट तक जायेगी और पुनः वापस लौटेगी. वहीं 26 अगस्त को सुबह आठ बजे रजा मस्जिद से पैदल जुलूस निकलेगा. जुलूस राष्ट्रीय राजमार्ग से होते हुए महावीर चौक, झूलन सिंह चौक से गुजरते हुए पुनः रजा मस्जिद पहुंचकर समाप्त होगी. रात्रि में मस्जिद परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा. बॉक्स एनएच को लंबे समय तक बाधित नहीं किया जा सकता बैठक में उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर कहा कि एनएच 143 महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग है और इसे लंबे समय तक जाम अथवा बाधित नहीं किया जा सकता.
इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों भारी वाहनों का आवागमन होता है. उपायुक्त ने कहा कि पर्व की धार्मिक एवं सामाजिक भावनाओं का सम्मान करते हुए निर्धारित समय पर जुलूस निकाला जाए और निर्धारित समय के भीतर जुलूस को समाप्त किया जाए. बॉक्स मेडिकल टीम तैयनात करने का निर्देश उपायुक्त ने सिविल सर्जन को जुलूस के दौरान एंबुलेंस एवं मेडिकल टीम की तैनाती करने तथा अग्निशमन विभाग को फायर ब्रिगेड की प्रतिनियुक्ति का निर्देश दिया.
उन्होंने शांति समिति के सदस्यों और आम लोगों से पर्व को आपसी भाईचारे एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की. बॉक्स अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे ने सोशल मीडिया को लेकर लोगों को विशेष रूप से सचेत किया. उन्होंने कहा कि व्हाट्सऐप ग्रुप अथवा अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री साझा नहीं करें. उन्होंने कहा कि कई बार दूसरे स्थानों के पुराने वीडियो को गलत संदर्भ देकर प्रसारित किया जाता है.
ऐसे फेक वीडियो से लोग सावधान रहें,समूह संचालक तुरंत ऐसे फ़ोटो,न्यूज़,वीडियो को डिलीट करें और किसी भी संदिग्ध सामग्री की जानकारी तत्काल पुलिस को दें. बॉक्स बैठक में ये थे मौजूद बैठक में उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी, परियोजना निदेशक आईटीडीए सरोज तिर्की, अपर समाहर्ता गिरिजा शंकर महतो,सिविल सर्जन डॉ सुंदर मोहन सामद, अनुमंडल पदाधिकारी सुमन्त तिर्की, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डीएसपी,उपनिदेशक जनसंपर्क , सभी अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, नगर परिषद अध्यक्ष ओलिवर लकड़ा, विधायक प्रतिनिधि संतोष कुमार सिंह, विधायक प्रतिनिधि कोलेबिरा मो समी आलम, नगर परिषद उपाध्यक्ष दीपक कुमार अग्रवाल, चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मोतीलाल अग्रवाल सहित शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए