खूब उड़े रंग और गुलाल, होली के गीतों पर झूमे लोग

Updated:
विज्ञापन

जिले में हर्षोल्लास व उल्लासपूर्ण माहौल में मनाया गया रंगों का त्योहार

विज्ञापन

सिमडेगा. रंगों का त्योहार होली बुधवार को पूरे जिले में हर्षोल्लास व उल्लासपूर्ण माहौल में मनाया गया. लोग जम कर होली खेलते नजर आये और एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं. अमीर हो या गरीब, सभी एक ही रंग में रंगे नजर आये. जिले में होली का उत्साह सोमवार से ही दिखायी देने लगा था. होलिका दहन के बाद से ही लोग होली के रंग में रंगने लगे थे. बुधवार की सुबह से ही हर कोई होली के जश्न में डूब गया. होली है होली है की गूंज हर गली और मुहल्ले में सुनायी दे रही थी. सुबह 10 बजे के बाद लोग पूरी तरह होलियाना मूड में नजर आये. होली के पारंपरिक गीतों की धुन पर लोग झूमते और थिरकते रहे, यह सिलसिला दोपहर तक चलता रहा. सड़कों पर युवाओं की टोलियां घूमती रहीं, जो राहगीरों को रंगों से सराबोर कर रही थीं. गांव हो या शहर, हर जगह होली का उत्साह एक जैसा देखने को मिला. बच्चे सुबह से ही रंग और पिचकारी लेकर घरों से निकल पड़े और अपने हमउम्र साथियों के साथ होली खेलने में मग्न रहे. युवाओं की भी अलग-अलग जगहों पर महफिल सजी. नगर परिषद क्षेत्र के मोहल्लों, कॉलोनियों, गलियों और चौक-चौराहों पर यह नजारा देखने को मिला. महिलाओं की टोलियां भी उत्सव में पीछे नहीं रहीं. होली के मौके पर लजीज व्यंजनों की भी मांग बढ़ गयी. घरों में चिकन-मटन के साथ पुआ, कांजीबड़ा और दहीबड़ा जैसे पारंपरिक पकवान बनाये गये. लोग समूह बना कर एक-दूसरे के घर पहुंचे, गुलाल लगा कर होली की शुभकामनाएं दीं. यह सिलसिला देर शाम तक जारी रहा. प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे. शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल तैनात किये गये थे.

आपके शहर में

विज्ञापन
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola