सरायकेला गेस्ट हाउस एरिया में 12 घंटे बाद लौटी बिजली, उमस से लोग रहे बेहाल
सांकेतिक तस्वीर
सरायकेला गेस्ट हाउस एरिया में शुक्रवार रात से बिजली गुल है. भीषण उमस और गर्मी से स्थानीय लोग बेहाल हैं. बिजली विभाग की लापरवाही से लोगों में आक्रोश.
सरायकेला: सरायकेला गेस्ट हाउस एरिया में शुक्रवार रात करीब 10 बजे से गुल हुई बिजली शनिवार सुबह करीब 10 बजे यानी पूरे 12 घंटे बाद बहाल हो सकी. हल्की बारिश के बाद शुरू हुए इस लंबे बिजली कट ने उमस भरी भीषण गर्मी में बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों की हालत खराब कर दी. लगातार 12 घंटे तक बिजली नहीं मिलने से स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश देखा गया.
आपके शहर में
बारिश के साथ ही गुल हुई बिजली
शुक्रवार रात करीब 10 बजे क्षेत्र में हल्की गरज के साथ बारिश शुरू हुई, जिसके साथ ही पूरे गेस्ट हाउस एरिया की बिजली गायब हो गयी. इसके बाद रात करीब 1 बजे तक दो-दो मिनट के लिए बिजली आती और फिर कट जाती. रात 1 बजे के बाद बिजली पूरी तरह से ठप हो गयी. उमस भरी इस गर्मी में जिन घरों में छोटे बच्चे थे, वे रातभर रोते-बिलखते रहे और परिवार का कोई भी सदस्य चैन से सो नहीं सका.
अधिकारियों का फोन ऑफ
परेशान लोगों ने जब कंट्रोल रूम से संपर्क किया, तो पहले तार सटने और ट्रिपिंग की बात कहकर टाल दिया गया. विभाग ने मिस्त्री न होने की लाचारी जताई. जब कार्यपालक अभियंता से व्हाट्सएप पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनका डेटा ऑफ मिला. वहीं, रात करीब 2 बजे कंट्रोल रूम ने नया बहाना बनाते हुए कहा कि केबल जल गया है और इसे ठीक करने के लिए जमशेदपुर से मैकेनिक को बुलाया जाएगा.
12 घंटे के बाद लौटी बिजली
आखिरकार करीब 12 घंटे के लंबे इंतजार और कड़े संघर्ष के बाद शनिवार सुबह बिजली आपूर्ति बहाल की गयी. हालांकि, इतनी लंबी कटौती के कारण उपभोक्ताओं में विभाग के प्रति गहरा गुस्सा व्याप्त है. लोगों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी समस्याओं से निजात पाने के लिए विभाग अपनी लचर व्यवस्था में तुरंत सुधार करे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए