ePaper

Seraikela Kharsawan News : एनएच-33 और वन-वे पुल पर हादसों में तीन की मौत

Updated at : 05 Mar 2026 10:27 PM (IST)
विज्ञापन
Seraikela Kharsawan News  : एनएच-33 और वन-वे पुल पर हादसों में तीन की मौत

सरायकेला-खरसावां जिले में लगातार हो रहीं दुर्घटनाएं

विज्ञापन

चांडिल/चौका. सरायकेला-खरसावां जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गयी. टाटा-रांची मार्ग (एनएच-33) और अन्य संपर्क मार्गों पर बड़ी दुर्घटनाएं हुईं हैं. एक कार चालक गंभीर रूप से घायल है. जिले की सड़कों पर बढ़ती रफ्तार और सुरक्षा मानकों की अनदेखी जानलेवा साबित हो रही है. खासकर चिलगू-शहरबेड़ा वन-वे पुल और डोबो के पास के खतरनाक मोड़ अब ””डेथ जोन”” में तब्दील हो चुके हैं. प्रशासन की सुस्ती आम जनता की जान पर भारी पड़ रही है.

खड़े मालवाहक ऑटो से 
टकरायी बाइक, युवक घायल

सरायकेला. सरायकेला-चाईबासा मार्ग पर पठानमारा के समीप सड़क किनारे खड़े मालवाहक ऑटो से बाइक की टक्कर में युवक अंतरिक्ष होनहागा (22) गंभीर रूप से घायल हो गया. ग्रामीणों ने घायल युवक को निजी वाहन से सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद एमजीएम रेफर कर दिया. घटना बुधवार दोपहर करीब 2 बजे की है. युवक मांगूडीह गांव का निवासी है. वह अपनी बाइक से चाईबासा जा रहा था. घटना में युवक का चेहरा और हाथ पैर में गंभीर चोट आयी है.

डोबो में ट्रेलर पलटने से जमशेदपुर के चालक की दबने से गयी जान

चांडिल. कपाली ओपी क्षेत्र की कांदरबेडा-दोमुंहानी सड़क पर डोबो गांव में पुल के समीप एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में ट्रेलर चालक की दबने से मौत हो गयी. उसकी पहचान जमशेदपुर के बागुनहातु (बारीडीह) निवासी गगन महतो के रूप में हुई. जानकारी के अनुसार, जिस स्थान पर घटना हुई, वहां हल्का मोड़ है. इसके कारण अक्सर दुर्घटना की आशंका रहती है. तेज रफ्तार में जा रहा ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर पुल के पास पलट गया. वाहन के नीचे चालक दब गया था. सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची. काफी मशक्कत के बाद चालक को वाहन के नीचे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. ट्रेलर को जब्त कर लिया है.

अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बड़ामारी के युवक की जान गयी

चांडिल. चांडिल थाना क्षेत्र में टाटा-रांची मार्ग (एनएच-33) पर शहरबेड़ा के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गयी. उसकी पहचान लोसो मुर्मू के रूप में हुई. वह सरायकेला-खरसावां जिले की बड़ामारी पंचायत अंतर्गत छोटा बड़ामारी गांव का निवासी था. सूचना मिलते ही समाजसेवी शेखर गांगुली पहुंचे. प्रशासन को सूचना दी और एंबुलेंस की व्यवस्था करवायी. पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. चिलगू- शहरबेड़ा वन वे पुल पर तीन साल में 24वीं मौत

चिलगू- शहरबेड़ा वन वे पुल पर तीन साल में यह 24वीं मौत है.

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस वन वे पुल पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं. अब तक न पुल को चौड़ा किया गया है और न सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किये गये हैं. ग्रामीणों का कहना है कि पुल संकरा होने के कारण दो बड़े वाहनों के एक साथ आने पर अक्सर दुर्घटना हो जाती है. इसके अलावा पर्याप्त संकेतक, स्पीड कंट्रोल और सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से खतरा और बढ़ जाता है. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस वन वे पुल को चौड़ा किया जाये या वैकल्पिक पुल का निर्माण कराया जाये, ताकि भविष्य में इस तरह का हादसा नहीं हो सके.

चौका में कार के धक्के से बकरी चरा रहे युवक की हुई मौत

चौका. चौका थाना क्षेत्र में टाटा-रांची मार्ग (एनएच 33) पर चौका गांव के समीप अनियंत्रित कार की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि कार चालक घायल हो गया. घटना बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे की है. मृतक की पहचान चौका गांव निवासी हलधर लोहार उर्फ गुड्डू लोहार (55) के रूप में हुई. वह सड़क किनारे बैठकर बकरी चरा रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर कई बार पलटते हुए खेत में जा घुसी. दुर्घटना में कार चालक धनु महतो (चावलीबासा बड़ामटांड़ का रहने वाला) घायल हो गया. दुर्घटना में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी.चौका पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया. वहीं घायल को अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है. जानकारी के अनुसार, कार चालक धनु महतो होली खेलने के लिए अपने दोस्त के घर जा रहा था. वह चांडिल के डैम साइड कॉलोनी जा रहा था. इसी दौरान चौका ओवरब्रिज से उतरते समय कार अनियंत्रित हो गयी.

विज्ञापन
ATUL PATHAK

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

ATUL PATHAK is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola