बालू माफियाओं में हड़कंप, तड़के पहुंची खनन विभाग की टीम, दो ट्रक पकड़े
जब्त वाहन.
चांडिल के कपाली और चौका क्षेत्र में जिला प्रशासन ने अवैध बालू लदे दो ट्रकों को जब्त किया है। खनन विभाग की इस कार्रवाई से माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
चांडिल : जिले में अवैध बालू के उत्खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है. उपायुक्त के निर्देश पर शुक्रवार तड़के जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में खान निरीक्षक की टीम ने कपाली और चौका थाना क्षेत्र में विशेष छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान अवैध रूप से बालू की ढुलाई कर रहे दो ट्रकों को पकड़ा गया. जब्ती की प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों वाहनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित थानों को सुपुर्द कर दिया गया है.
आपके शहर में
कपाली व चौका क्षेत्र में तड़के हुई औचक जांच
खनन विभाग द्वारा जिले में खनिजों के अवैध खनन, भंडारण और परिवहन पर सतत निगरानी रखी जा रही है. इसी क्रम में खान निरीक्षक ने शुक्रवार सुबह कपाली और चौका क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की. जांच के दौरान बालू लदे दोनों ट्रकों के चालक वैध चालान और कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को जब्त कर कपाली और चौका थाना पुलिस के हवाले कर दिया.
माफियाओं में हड़कंप, जारी रहेगा जांच अभियान
तड़के हुई औचक कार्रवाई से बालू के अवैध कारोबार में लिप्त धंधेबाजों और बिचौलियों में हड़कंप मच गया है. जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा - खनिज संपदा के अवैध दोहन, भंडारण या परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने वालों और अवैध धंधे में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए