अस्पताल में अचानक पहुंचीं डीडीसी, मरीजों से की बात, डायलिसिस सेंटर को लेकर कही ये बात...

विज्ञापन

निरीक्षण करती डीडीसी.

डीडीसी रीना हांसदा ने सीएचसी गम्हरिया का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, डायलिसिस सेंटर के निर्माण और मरीजों की सुविधाओं का जायजा लिया.

विज्ञापन

सरायकेला : उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गम्हरिया का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों की सुविधाओं और अस्पताल की आधारभूत संरचना का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला और पुरुष वार्ड, स्टोर रूम, ऑपरेशन थिएटर, लैब समेत अस्पताल के विभिन्न कक्षों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली. उन्होंने अस्पताल में मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

वार्ड में भर्ती मरीजों से जाना हालचाल

महिला वार्ड में भर्ती गर्भवती महिलाओं से बातचीत कर डीडीसी ने उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, उपचार और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली. उन्होंने मरीजों को निर्धारित चार्ट के अनुसार समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने और अस्पताल में स्वच्छता, दवाओं और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

डायलिसिस सेंटर का काम 80 प्रतिशत पूरा

निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन डायलिसिस सेंटर के कार्यों की भी समीक्षा की गई. बताया गया कि सेंटर का करीब 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. डीडीसी ने शेष कार्यों को एक सप्ताह के भीतर पूरा कराने और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर सेंटर को जल्द शुरू कराने का निर्देश दिया. सेंटर शुरू होने से क्षेत्र के मरीजों को स्थानीय स्तर पर डायलिसिस की सुविधा मिल सकेगी और उन्हें इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा.

स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी व्यवस्था की भी समीक्षा

डीडीसी ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी व्यवस्था की भी समीक्षा की. उन्होंने निर्धारित रोस्टर के अनुसार सभी पदाधिकारियों, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को समय पर ड्यूटी स्थल पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

मरम्मत कार्यों का लिया जायजा

स्वास्थ्य विभाग की ओर से उपलब्ध कराई गई भवन मरम्मत एवं जीर्णोद्धार से संबंधित सूची के आधार पर डीडीसी ने विभिन्न स्थलों का स्थल निरीक्षण किया, इस दौरान आवश्यक मरम्मत एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़े गैप्स को चिह्नित किया गया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्थल निरीक्षण के आधार पर आवश्यक प्राक्कलन तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराने का निर्देश दिया, ताकि सीएचसी की आधारभूत संरचना को और मजबूत किया जा सके.निरीक्षण के दौरान प्रभारी डीआरसीएचओ डॉ. सुजीत मुर्मू एवं एमओआईसी गम्हरिया समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola