झमाझम बारिश से उफान पर चांडिल डैम, सभी 13 रेडियल गेट खुले... जानें पूरी रिपोर्ट
चांडिल डैम से निकलता पानी
झारखंड के चांडिल डैम में भारी बारिश के बाद जलस्तर बढ़ा, सभी 13 रेडियल गेट खोलकर 1071.19 क्यूमेक पानी छोड़ा गया. प्रशासन की स्थिति पर पूरी नजर है.
चांडिल: पिछले कुछ दिनों से हो रही झमाझम बारिश के कारण चांडिल डैम का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. जलस्तर में हो रही भारी वृद्धि को देखते हुए जल संसाधन विभाग पूरी तरह मुस्तैद हो गया है और डैम के सभी 13 रेडियल गेटों को खोल दिया गया है. मंगलवार की सुबह 8 बजे डैम का जलस्तर 179.84 मीटर दर्ज किया गया, जिसके बाद नदी और केनाल के माध्यम से पानी की लगातार निकासी की जा रही है.
आपके शहर में
13 रेडियल गेटों से हो रही पानी की निकासी
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार सुबह 8 बजे डैम के सभी 13 रेडियल गेटों से कुल 933.62 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा था. स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए अलग-अलग गेटों को भिन्न-भिन्न ऊंचाइयों तक खोला गया है. इनमें गेट संख्या 2 को 1.526 मीटर, गेट संख्या 4 को 1.512 मीटर, गेट संख्या 6 को 1.503 मीटर और गेट संख्या 7 को 1.531 मीटर तक उठाया गया है, जबकि अन्य गेटों को जरूरत के हिसाब से खोला गया है.
इमरजेंसी और रिवर स्लुइस से भी निकासी
रेडियल गेटों के अलावा जल निकासी के अन्य माध्यमों का भी उपयोग किया जा रहा है. इमरजेंसी स्लुइस के दो गेटों को 1.50-1.50 मीटर खोलकर 117.54 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है. वहीं, रिवर स्लुइस के दो गेट 0.05 मीटर खुले हैं, जिनसे 4.42 क्यूमेक पानी निकल रहा है. इस प्रकार नदी में कुल 1055.58 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है. इसके अतिरिक्त केनाल के माध्यम से 15.61 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे कुल जल निकासी 1071.19 क्यूमेक दर्ज की गई है. वर्तमान में डैम में पानी का कुल भंडारण 462.88 एमसीएम है.
विभाग की पैनी नजर
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जल संसाधन विभाग के अधिकारी डैम के जलस्तर और जलागम क्षेत्र की गतिविधियों पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं. बारिश का दौर जारी रहने पर जलस्तर में और बढ़ोतरी की संभावना को ध्यान में रखते हुए विभाग हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए