राजमहल में MDMA का खेल बेनकाब:69 ग्राम सफेद पाउडर के साथ व्यक्ति गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

प्रेस वार्ता करते एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी.

राजमहल पुलिस ने फूलबड़िया में 69 ग्राम MDMA, डिजिटल तराजू संग 52 वर्षीय शेख अली शेख को पकड़ा. मादक पदार्थों की बिक्री के साक्ष्य बरामद. एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज.

विज्ञापन

प्रतिनिधि, राजमहल. मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ राजमहल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. थाना क्षेत्र के फूलबड़िया स्थित खोलैया टोला में छापेमारी कर पुलिस ने 52 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. उसके पास से एमडीएमए ड्रग्स जैसा सफेद पदार्थ बरामद किया गया है. इसके अलावा डिजिटल तराजू, छोटे पैकेट और पारदर्शी पैकेजिंग प्लास्टिक मिलने से पुलिस को मादक पदार्थों की बिक्री से जुड़े साक्ष्य मिलने की बात कही गयी है.

आपके शहर में

विज्ञापन

गुप्त सूचना पर घर के पास हुई छापेमारी

एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक साहिबगंज को सूचना मिली थी कि फूलबड़िया के खोलैया टोला में शेख अली शेख के घर के समीप मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना का सत्यापन कराने के बाद पुलिस टीम गठित की गयी और मौके पर छापेमारी की गयी.

तलाशी के दौरान पारदर्शी प्लास्टिक में रखा सफेद पदार्थ बरामद हुआ, जो प्रथम दृष्टया एमडीएमए ड्रग्स जैसा पाया गया. प्लास्टिक समेत इसका वजन 69.24 ग्राम बताया गया. वहीं हल्के भूरे रंग के पदार्थ का प्लास्टिक समेत वजन 9.06 ग्राम पाया गया.

डिजिटल तराजू और 60 छोटे पैकेट भी बरामद

पुलिस ने तलाशी के दौरान 60 पीस छोटे पैकेट, एक डिजिटल तराजू और 25 पीस छोटे पारदर्शी पैकेजिंग प्लास्टिक भी बरामद किये. पुलिस के अनुसार इन सामानों की बरामदगी से मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री से जुड़े साक्ष्य मिले हैं.

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेख अली शेख (52), पिता स्व. आबिल शेख, निवासी मुर्गी टोला, वर्तमान पता खोलैया टोला, फूलबड़िया के रूप में हुई है.

एनडीपीएस एक्ट में दर्ज हुआ मामला

मामले को लेकर राजमहल थाना कांड संख्या 293/26, दिनांक 28 अगस्त 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21/27 में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है.

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बरामद पदार्थ की वास्तविक प्रकृति और मात्रा की अंतिम पुष्टि विधिवत जांच एवं परीक्षण के बाद ही होगी.

जून में भी हुई थी एमडीएमए के खिलाफ कार्रवाई

राजमहल अनुमंडल क्षेत्र में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई पहले भी हो चुकी है. 8 जून को उधवा क्षेत्र में पुलिस की स्पेशल टीम ने गुप्त सूचना पर छापेमारी कर साहिलगंज निवासी 23 वर्षीय फिरोज शेख को करीब 8 ग्राम एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया था. पुलिस के अनुसार वह छोटे स्तर पर मादक पदार्थ की सप्लाई कर रहा था. उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21/27 के तहत मामला दर्ज किया गया था.

इसके अगले दिन 9 जून को राजमहल पुलिस ने फुलवरिया पटाल बगीचा क्षेत्र में छापेमारी कर 13.7 ग्राम एमडीएमए बरामद किया था. इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी थी.

इसके अलावा राजमहल थाना कांड संख्या 181/26 में 7 जून 2026 को, राधानगर थाना कांड संख्या 198/26 में 7 जून 2026 को तथा राधानगर थाना कांड संख्या 277/26 में 2 अगस्त 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गयी थी.

लगातार हो रही कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ पुलिस की सक्रियता सामने आ रही है.

छापेमारी टीम में ये रहे शामिल

छापेमारी दल में बीडीओ सह सीओ मो. यूसुफ, पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन, थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, पुलिस अवर निरीक्षक ओम प्रकाश चौहान, पुलिस अवर निरीक्षक महादेव उरांव समेत सशस्त्र बल के जवान रवि शंकर झा शामिल रहे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola