फरक्का : बीडीओ कार्यालय के सामने ढाई फीट पानी, कार्यालय तक नहीं पहुंच सकी गाड़ी
अपनी गाड़ी छोड़कर वैन से जाते बीडीओ सुजीत व्यापारी (लाल टी-शर्ट में). | Prabhat Khabar Network
फरक्का में लगातार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. बीडीओ कार्यालय के सामने ढाई फीट पानी जमा होने से आम लोगों और सरकारी कर्मियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थिति इतनी गंभीर है कि खुद बीडीओ को वैन से दफ्तर पहुंचना पड़ा, वहीं ग्रामीणों ने समस्या के समाधान पर जोर दिया है.
फरक्का : लगातार हो रही बारिश से मुर्शिदाबाद जिले के विभिन्न प्रखंडों में जनजीवन प्रभावित हुआ है. फरक्का में भी बारिश के बाद जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बीडीओ कार्यालय के सामने करीब ढाई फीट पानी जमा हो गया. सड़क पर पानी भर जाने के कारण आम लोगों के साथ-साथ कार्यालय कर्मियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.
आपके शहर में
कार्यालय तक नहीं पहुंच सकी बीडीओ की गाड़ी
स्थिति इतनी खराब रही कि बीडीओ सुजय व्यापारी की गाड़ी कार्यालय तक नहीं पहुंच सकी और उन्हें वैन के सहारे कार्यालय पहुंचना पड़ा. बीडीओ कार्यालय के सामने सड़क पर जलजमाव को लेकर आसपास के लोगों और कार्यालय आने-जाने वाले लोगों में काफी नाराजगी देखी गयी. लोगों का कहना है कि जब ब्लॉक कार्यालय के सामने ही जल निकासी की ऐसी स्थिति है, तो आम ग्रामीणों की परेशानी का अंदाजा लगाया जा सकता है.
जल निकासी की व्यवस्था को लेकर पहले भी की गयी थी शिकायत
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले 20 अगस्त को भी जल निकासी की समुचित व्यवस्था और सड़क की स्थिति में सुधार को लेकर शिकायत की गई थी. आवेदनकर्ताओं में भाजपा के वरिष्ठ नेता अरूप कुमार साहा ने बताया कि बुधवार को भी जलजमाव की समस्या को लेकर बीडीओ सुजय व्यापारी को आवेदन देकर स्थिति से अवगत कराया गया. उन्होंने कहा कि हल्की बारिश के बाद भी बीडीओ कार्यालय के सामने भारी जलजमाव हो जाता है.
आधा किलोमीटर सड़क पानी में डूबी
यह सड़क बीडीओ कार्यालय के अलावा न्यू फरक्का, स्कूल-कॉलेज सहित दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है. ग्रामीणों का आरोप है कि नई पुलिया के निर्माण के कारण यहां का ड्रेन पूरी तरह बंद हो गया है. साथ ही पुरानी सड़क के मुकाबले मार्ग का स्तर नीचे होने के कारण बारिश का पानी जमा हो रहा है. बुधवार को लगातार बारिश के कारण करीब आधा किलोमीटर सड़क ढाई फीट तक पानी में डूब गई, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा. स्कूली बच्चों सहित सैकड़ों लोगों को पानी के बीच से गुजरने में भारी परेशानी हुई.
समस्या के समाधान का दिया आश्वासन
स्थिति उस समय और चर्चा में आ गई, जब बीडीओ सुजय व्यापारी भी करीब दो घंटे तक कार्यालय के सामने जलजमाव के कारण परेशान रहे. बताया गया कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों और अन्य लोगों से फोन पर संपर्क कर समस्या के समाधान को लेकर नाराजगी जाहिर की.
इस संबंध में बीडीओ सुजय व्यापारी ने मीडिया को बताया कि नई पुलिया का निर्माण कर रही कंपनी के प्रबंधक को बुलाया गया है. 3 सितंबर को इस मुद्दे पर प्रबंधन के साथ बातचीत की जायेगी. उन्होंने कहा कि यदि समस्या का समाधान नहीं किया गया तो निर्माण कार्य बंद कराने की कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए