साधु के वेश में लुटेरा! झाड़-फूंक के नाम पर महिला से 15 ग्राम सोना लेकर फरार

Updated:
विज्ञापन

महिला का जेवर लेकर उसके हाथ में उक्त धातु देकर फरार हुआ ठग | Prabhat Khabar Network

साधु के वेश में ठग ने झाड़-फूंक का झांसा देकर महिला से 15 ग्राम सोने के जेवरात ठगे. कोटालपोखर में हुई वारदात, पुलिस की अपील.

विज्ञापन

बरहरवा. साहिबगंज जिले के कोटालपोखर थाना क्षेत्र में साधु के वेश में पहुंचे एक उचक्के द्वारा झाड़-फूंक का झांसा देकर महिला से सोने के जेवरात ठगी कर फरार होने का मामला सामने आया है. घटना रेलवे स्टेशन पोस्ट ऑफिस रोड की बतायी जा रही है. महिला के अनुसार, उचक्का उसके मंगलसूत्र और कान के जेवरात लेकर फरार हो गया, जिनका कुल वजन करीब 15 ग्राम बताया जा रहा है.

आपके शहर में

विज्ञापन

भिक्षा मांगने के बहाने घर पहुंचा साधु ठग

जानकारी के अनुसार, महिला अपने घर पर मौजूद थी. इसी दौरान करीब 30 वर्ष का एक युवक साधु का वेश धारण कर वहां पहुंचा. उसके हाथ में कमंडल और कंधे पर झोला था. महिला को घर में अकेला देखकर वह दरवाजे पर पहुंचा और भिक्षा मांगने लगा.

बताया जाता है कि बातचीत के दौरान युवक ने महिला से कहा कि वह काफी कष्ट में है और उसे देखकर ऐसा महसूस हो रहा है. इसके बाद उसने झाड़-फूंक के माध्यम से परेशानी दूर करने का झांसा दिया. महिला उसकी बातों में आ गयी.

मंगलसूत्र और कान के जेवरात हाथ में लेकर बदले सामान

उचक्के ने महिला से कहा कि वह अपना मंगलसूत्र और कान में पहने जेवरात उतारकर उसे दे दे, वह उन पर फूंक मारकर उसका कष्ट दूर कर देगा. महिला ने विश्वास करते हुए करीब 15 ग्राम वजन के सोने के मंगलसूत्र और कान के जेवरात उसके हाथ में दे दिए.

आरोप है कि सामान हाथ में लेते ही युवक ने चालाकी से सोने के जेवरात अपने झोले में रख लिए और उनकी जगह लोहे व पीतल से बने छोटे-छोटे लॉकेट महिला के हाथ में रख दिए. इसके बाद उसने महिला से कहा कि मुट्ठी बंद करके रखे और करीब 10 मिनट बाद ही खोले.

पानी मांगकर महिला को घर के अंदर भेजा, फिर हुआ फरार

ठगी की योजना के तहत युवक ने महिला से कहा कि उसे प्यास लगी है और एक गिलास पानी पिला दे. महिला जैसे ही पानी लेने के लिए घर के अंदर गयी, साधु के वेश में आया उचक्का मौके से फरार हो गया.

कुछ देर बाद महिला जब बाहर लौटी तो युवक को वहां नहीं पाया. इसके बाद उसने आसपास खोजबीन की और घटना की जानकारी स्थानीय लोगों को दी. आसपास के लोगों ने भी युवक की तलाश की, लेकिन तब तक वह मौके से फरार हो चुका था.

पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील

मामले को लेकर कोटालपोखर थाना प्रभारी पवन कुमार ने लोगों से किसी भी तरह के झांसे में नहीं आने की अपील की है. उन्होंने कहा कि यदि इस तरह की कोई घटना होती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें.

थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है. पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola