बरहरवा में धूमधाम से मना बाबा गणिनाथ का जन्मोत्सव, शोभायात्रा में उमड़ा हलवाई समाज
बाबा गणिनाथ की प्रतिमा | Prabhat Khabar Network
बरहरवा नगर में अखिल भारतीय मध्यदेशीय वैश्य हलवाई समाज ने संत शिरोमणि बाबा गणिनाथ का वार्षिक जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया. कार्यक्रम में समाज के सैकड़ों लोग शामिल हुए, जिसमें वैदिक पूजन, सम्मान समारोह और मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं.
बरहरवा : बरहरवा नगर पंचायत क्षेत्र स्थित आरबी पैलेस में शनिवार को अखिल भारतीय मध्यदेशीय वैश्य हलवाई समाज की ओर से संत शिरोमणि एवं हलवाई समाज के कुलदेवता बाबा गणिनाथ का वार्षिक जन्मोत्सव सह पूजनोत्सव धूमधाम से मनाया गया. कार्यक्रम में बरहरवा सहित आसपास के क्षेत्रों से हलवाई समाज के सैकड़ों लोग शामिल हुए.
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ पूजन
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह आठ बजे बाबा गणिनाथ की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई. पुरोहितों ने सुबह 10 बजे तक वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया. इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया.
समाज के लोगों को किया गया सम्मानित
सुबह 11 बजे समाज के हित में उल्लेखनीय कार्य करने वाले दर्जनों लोगों को अखिल भारतीय मध्यदेशीय वैश्य हलवाई समाज के राष्ट्रीय संरक्षक ऋषि प्रसाद गुप्ता ने सम्मानित किया.
बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं भंडारे का आयोजन किया गया. सांस्कृतिक कार्यक्रम में समाज के बच्चों ने नृत्य और संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया. कार्यक्रम के दौरान समाज की एकजुटता, सामाजिक सहयोग और आपसी भाईचारे को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया.
भव्य शोभायात्रा में उमड़ा समाज
शाम को आरती के बाद छह बजे बाबा गणिनाथ की भव्य शोभायात्रा निकाली गयी. शोभायात्रा में समाज के बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं बच्चे शामिल हुए. नगर भ्रमण के बाद विधि-विधान से बाबा गणिनाथ की प्रतिमा का विसर्जन किया गया.
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम को सफल बनाने में छोटेलाल गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, उत्तम गुप्ता, रविकांत गुप्ता, मंटू गुप्ता, अजय गुप्ता, विनय गुप्ता, विजय गुप्ता, बिक्की गुप्ता, लखी देवी, सुमित्रा देवी, मीनू देवी, सीता देवी सहित समाज के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए