कांटाटोली रोड में नो एंट्री के बावजूद घुस रहे वाहन, रोकने में नाकाम रही रांची पुलिस
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 24 Jun 2023 11:38 AM
कांटाटोली फ्लाइओवर में सेगमेंट लॉन्चिंग को लेकर वाहनों के प्रवेश पर रोक लगायी गयी है. इसके बावजूद वाहन इस मार्ग से प्रवेश कर रहे हैं. रांची पुलिस वाहनों को रोकने में नाकाम रही. पुलिसकर्मी अपने ड्यूटी में नहीं दिखे.
कांटाटोली फ्लाइओवर में सेगमेंट लॉन्चिंग को लेकर भारी मशीन, बड़े क्रेन व पुलर का इस्तेमाल किया जा रहा है. इस कारण नामकुम और खेलगांव की ओर से कांटाटोली आनेवाले सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर रात 10 से सुबह 6 बजे तक रोक लगा दी गयी है. इसको लेकर पांच प्रमुख जगहों पर पुलिस की तैनाती करने की बात कही गयी थी, ताकि कोई वाहन इस मार्ग में प्रवेश नहीं कर सकें, लेकिन कहीं पर भी पुलिसकर्मी तैनात नहीं थे.
पुलिसकर्मियों की तैनाती नहीं होने के कारण धड़ल्ले से वाहन कांटाटोली की ओर जा रहे थे. हालांकि, कांटाटोली से पहले शांतिनगर के पास वाहनों को रोका गया. इस कारण कोकर चौक के पास जाम लग गया. बाद में पीसीआर के पुलिसकर्मी पहुंचे और जाम हटाया. ट्रैफिक पुलिस की ओर से खेलगांव चौक, कोकर चाैक, शांतिनगर के पास, खादगढ़ा बस स्टैंड के निकास द्वार और दुर्गा सोरेन चौक पर पुलिसकर्मी की तैनाती की गयी थी, लेकिन कहीं पर पुलिसकर्मी नहीं थे.
सेगमेंट गडर प्रणाली से बनने वाला झारखंड का इकलौता प्रोजेक्ट
मालूम हो कि कांटाटोली फ्लाइओवर सेगमेंट गडर प्रणाली से बनने वाला झारखंड का इकलौता प्रोजेक्ट है. अत्याधुनिक सेगमेंट गडर प्रणाली में सेगमेंट की कास्टिंग कर उसे आपस में जोड़ कर फ्लाइओवर बनाया जाता है. मेट्रो प्रोजेक्ट में सेगमेंट गडर प्रणाली का इस्तेमाल होता है. वहीं, गडर प्रणाली में पिलरों पर ढलाई कर फ्लाइओवर तैयार किया जाता है. कांटाटोली फ्लाइओवर में सेगमेंट लांचिंग का काम शुरू कर दिया गया है, जो दिसंबर माह तक चलेगा. रात में कार्य को तेज गति देने की योजना है, इसलिए रात 10 से सुबह 6 बजे तक वाहनों की एंट्री पर रोक लगाई गई है. हालांकि, कांटाटोली चौक के पास रहने वाले लोगों को इसमें छूट दी गयी है.
वैकल्पिक रास्ता क्या होगा
-
खेलगांव से कांटाटोली होकर आने-जाने वाले सभी प्रकार के वाहन खेलगांव-टाटीसिलवे-दुर्गा सोरेन चौक नामकुम होकर गंतव्य तक जायेंगे.
-
दुर्गा सोरेन चौक नामकुम से कांटाटोली आने-जाने वाले सभी प्रकार के वाहन टाटीसिलवे-खेलगांव होकर गंतव्य स्थान तक जायेंगे.
-
दुर्गा सोरेन चौक से खादगढ़ा बस स्टैंड आने-जाने वाली बसों को सिर्फ खादगढ़ा बस स्टैंड के निकास द्वार से प्रवेश करने की अनुमति होगी.
Also Read: कांटाटोली-सिरमटोली फ्लाइओवर जुड़ने के बाद ऐसी होगी रांची की तस्वीर, देखें तैयार डिजाइन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










