Ranchi-Tata Road पर भीषण हादसा: दो मजदूरों की मौत, मुआवजे के बाद हटा डेढ़ घंटे का जाम
रांची टाटा मार्ग बुंडू के टोल प्लाजा में जाम करते ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
रांची-टाटा एनएच-33 पर ट्रक और ट्रैक्टर की टक्कर में एनएचएआइ के दो कर्मियों की मौत हो गई. मुआवजे के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने टोल प्लाजा से जाम हटाया.
बुंडू: रांची-टाटा राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर रामपुर के पास हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि तीन लोग घायल हो गये. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों, ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मुआवजे की मांग को लेकर बुंडू टोल प्लाजा को करीब डेढ़ घंटे तक जाम कर दिया. जाम के कारण एनएच-33 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी.
आपके शहर में
जानकारी के अनुसार, मृतक एनएचएआइ के सड़क निर्माण कार्य में लगे हुए थे. इसी दौरान ट्रैक्टर और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गयी. हादसा इतना भीषण था कि बुंडू के एदेलहातू निवासी पार्वती देवी (55) और तमाड़ थाना क्षेत्र के बोधडीह निवासी तारकेश्वर महतो (35) की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. हादसे में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं.
मुआवजे की मांग को लेकर टोल प्लाजा जाम
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. उन्होंने मुआवजे की मांग को लेकर बुंडू टोल प्लाजा को जाम कर दिया. जाम के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गयी और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी.
सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और एनएचएआइ के मेंटेनेंस अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच बातचीत के बाद पांच लाख रुपये मुआवजे पर सहमति बनी. समझौते के अनुसार तत्काल एक लाख रुपये मृतकों के परिजनों को दिये गये, जबकि शेष चार लाख रुपये एक महीने के भीतर देने की बात तय हुई.
लिखित समझौते के बाद ग्रामीणों ने करीब डेढ़ घंटे बाद जाम हटा लिया और एनएच-33 पर वाहनों का परिचालन सामान्य हुआ.
इधर, हादसे के बाद दोनों मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना से गांव में भी शोक का माहौल है.
यह भी पढ़ें: JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के समर्थन में AJSU का बड़ा ऐलान, छह सितंबर को पूरे राज्य में होगा प्रदर्शन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए