रांची में आज 12 घंटे थमेगी पानी की सप्लाई, 2 लाख लोगों की बढ़ेगी परेशानी; जानें कौन-कौन से इलाके रहेंगे प्रभावित
प्रतीकात्मक फोटो
13 सितंबर को रांची के कई इलाकों में 12 घंटे पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी. हटिया राइजिंग पाइपलाइन मरम्मत के कारण कांटाटोली, डोरंडा समेत कई क्षेत्र प्रभावित होंगे.
रांची. 13 सितंबर को राजधानी रांची के कई इलाकों में पानी नहीं आएगा. हटिया राइजिंग पाइपलाइन में मरम्मत का काम चलेगा. जल विभाग द्वारा सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक यानी 12 घंटे तक जलापूर्ति बंद रखी जायेगी.
घनी आबादी वाले कई इलाके होंगे प्रभावित
इसका असर शहर के घनी आबादी वाले कई क्षेत्रों पर पड़ेगा. इसमें कांटाटोली, सिरमटोली, चर्च रोड, डोरंडा, अशोकनगर, मेकन और आसपास के इलाके शामिल हैं. विभागीय आंकड़ों के अनुसार, जलापूर्ति बाधित होने से लगभग दो लाख लोग प्रभावित होंगे. इन दो लाख लोगों को पीने, खाना पकाने और साफ-सफाई के लिए पानी की किल्लत का सामना करना पड़ेगा.
मरम्मत के कारण सुबह छह से शाम छह बजे तक जल-आपूर्ति बंद
हटिया राइजिंग पाइपलाइन की मरम्मत को लेकर सुबह छह से शाम छह बजे तक शटडाउन लिया गया है. इस दौरान संबंधित इलाकों में पानी की आपूर्ति नहीं होगी.
पाइपलाइन में कई जगह लिकेज, पानी की हो रही बर्बादी
हटिया पाइपलाइन में कई जगह लिकेज का मामला सामने आया है. इसकी वजह से पानी की बर्बादी होती है. जिन जगहों पर पाइपलाइन बदला जाना है, वहां मरम्मत के लिए शटडाउन लिया जा रहा है. हटिया पाइपलाइन में कई जगहों पर लीकेज के कारण रोजाना हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है, जिससे शहर में पानी की किल्लत और बढ़ जाती है.
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के इइ सुमित कुमार ने कहा कि मरम्मत कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरा कर जलापूर्ति पुनः शुरू करने का प्रयास किया जायेगा. विभाग ने इस अस्थायी असुविधा के लिए उपभोक्ताओं से खेद व्यक्त किया है.
एक माह में तीसरी बार शटडाउन
पिछले एक माह में पाइपलाइन मरम्मत को लेकर तीसरी बार शटडाउन लिया गया है. सबसे पहले 9 सितंबर को आठ घंटे का शटडाउन लिया गया था, जिससे चार लाख लोग प्रभावित हुए थे. इसके बाद 21-22 अगस्त को रूक्का राइजिंग पाइपलाइन की मरम्मत के लिए दो दिन का शटडाउन लिया गया था, जिसकी वजह से दो दिनों तक जलापूर्ति बाधित रही थी. अब तीसरी बार 13 सितंबर को हटिया राइजिंग पाइपलाइन की मरम्मत के लिए 12 घंटे का शटडाउन लिया जा रहा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए