रांची यूनिवर्सिटी में 44,790 विद्यार्थियों के लिए 1353 शिक्षक, अधिकारियों के 53 पद स्वीकृत

Updated:
विज्ञापन

रांची विवि में शिक्षकों के कुल 1353 पद किए गए स्वीकृत

रांची विश्वविद्यालय में शिक्षकों और विद्यार्थियों के अनुपात को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। सरकार ने 44,790 विद्यार्थियों के लिए 1353 शिक्षक पदों को मंजूरी दी है, जिसमें प्रोफेसर, एसोसिएट और असिस्टेंट प्रोफेसर के पद शामिल हैं।

विज्ञापन

संजीव सिंह की रिपोर्ट

आपके शहर में

विज्ञापन

रांची: राज्य सरकार ने रांची विवि में शिक्षकों के कुल 1353 पद स्वीकृत किए हैं. इनमें प्रोफेसर के 42, एसोसिएट प्रोफेसर के 153 और असिस्टेंट प्रोफेसर के 1158 पद शामिल हैं. इसके अलावा अधिकारियों के 53 और कर्मचारियों के 1098 पद भी स्वीकृत किए गए हैं. विवि में आउटसोर्स के माध्यम से 735 कर्मियों की नियुक्ति की जाएगी. इनमें डिजिटल लैंग्वेज लैब इंस्ट्रक्टर के पांच, मल्टी टास्किंग स्टाफ (अनस्किल्ड) के 384, मल्टी टास्किंग स्टाफ (सेमी स्किल्ड) के 198 और मल्टी टास्किंग स्टाफ (स्किल्ड) के 148 पद शामिल हैं.

राज्य सरकार ने अंगीभूत कॉलेजों में उपलब्ध आधारभूत संरचना के आधार पर पीजी की पढ़ाई जारी रखने के लिए रांची विवि को अधिकृत किया है. वहीं विवि मुख्यालय और कॉलेजों में वोकेशनल कोर्स संचालित करने की जिम्मेवारी भी पूरी तरह विवि को दी गई है. पूर्व के निर्णय में बदलाव करते हुए बिरसा कॉलेज को छोड़कर अन्य कॉलेजों में विद्यार्थियों की सीटें कम की गई हैं.

विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर शिक्षकों के पद स्वीकृत

राज्य सरकार ने कॉलेजों में विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर शिक्षकों के पद निर्धारित किए हैं. इसके तहत डोरंडा कॉलेज में 2340 विद्यार्थियों के लिए 74 शिक्षक, मारवाड़ी कॉलेज में 2940 विद्यार्थियों के लिए 61 शिक्षक और आरएलएसवाइ कॉलेज में 2550 विद्यार्थियों के लिए 59 शिक्षकों के पद स्वीकृत किए गए हैं. एसएस मेमोरियल कॉलेज में 2820 विद्यार्थियों के लिए 64, रांची वीमेंस कॉलेज में 2760 विद्यार्थियों के लिए 104, केसीबी कॉलेज बेड़ो में 1680 विद्यार्थियों के लिए 46 और पीपीके कॉलेज बुंडू में 2520 विद्यार्थियों के लिए 65 शिक्षकों के पद स्वीकृत किए गए हैं.

मांडर कॉलेज में 2040 विद्यार्थियों के लिए 49, केओ कॉलेज गुमला में 3000 विद्यार्थियों के लिए 82, बीएन जलान कॉलेज में 1260 विद्यार्थियों के लिए 39, बीएस कॉलेज लोहरदगा में 2700 विद्यार्थियों के लिए 69, बिरसा कॉलेज खूंटी में 2700 विद्यार्थियों के लिए 69 और सिमडेगा कॉलेज में 1800 विद्यार्थियों के लिए 47 शिक्षकों के पद स्वीकृत किए गए हैं. इसके अलावा सभी मॉडल कॉलेजों में भी विद्यार्थियों और शिक्षकों के पद स्वीकृत किए गए हैं. किसी भी कॉलेज में प्रोफेसर का पद स्वीकृत नहीं किया गया है, जबकि 15 कॉलेजों में एसोसिएट प्रोफेसर के पद शून्य रखे गए हैं.

शिक्षक प्रशिक्षण कॉलेजों में भी पद स्वीकृत

रांची विवि के अंतर्गत आने वाले शिक्षक प्रशिक्षण कॉलेजों में भी विद्यार्थियों की सीट और शिक्षकों के पद निर्धारित किए गए हैं. राजकीय शिक्षक प्रशिक्षण कॉलेज में 390 विद्यार्थियों के लिए शिक्षकों के 24 पद, जबकि राजकीय महिला शिक्षक प्रशिक्षण कॉलेज में 390 विद्यार्थियों के लिए 24 शिक्षकों के पद स्वीकृत किए गए हैं.

ये भी पढ़ें- रांची में अब आवारा कुत्तों पर लगेगी लगाम, बड़गाई में बनेगा बर्थ कंट्रोल सेंटर

पीजी विभागों में 3660 सीटें निर्धारित

रांची विवि के स्नातकोत्तर विभागों में विद्यार्थियों के लिए कुल 3660 सीटें निर्धारित की गई हैं. इसके लिए असिस्टेंट प्रोफेसर के 130, एसोसिएट प्रोफेसर के 59 और प्रोफेसर के 34 पद स्वीकृत किए गए हैं. इस तरह पीजी विभागों के लिए कुल 223 शिक्षकों के पद निर्धारित किए गए हैं. राज्य सरकार की संशोधित अधिसूचना के अनुसार, रांची विवि के सभी कॉलेजों और पीजी विभागों को मिलाकर अधिकतम 44,790 विद्यार्थियों के लिए सीटें निर्धारित की गई हैं. इसके लिए कुल 1353 शिक्षकों के पद स्वीकृत किए गए हैं. इनमें 1158 असिस्टेंट प्रोफेसर, 153 एसोसिएट प्रोफेसर और 42 प्रोफेसर के पद शामिल हैं.

शिक्षकों और विद्यार्थियों के अनुपात में असंतुलन

राज्य सरकार की संशोधित अधिसूचना में विभिन्न कॉलेजों में विद्यार्थियों और शिक्षकों के अनुपात में अंतर भी सामने आया है. मारवाड़ी कॉलेज में 2940 विद्यार्थियों के लिए 61 शिक्षक स्वीकृत हैं, जबकि डोरंडा कॉलेज में 2340 विद्यार्थियों के लिए 74 शिक्षक निर्धारित किए गए हैं. इसी तरह एसएस मेमोरियल कॉलेज में करीब 2820 विद्यार्थियों के लिए 64 शिक्षक हैं, जबकि रांची वीमेंस कॉलेज में 2760 विद्यार्थियों के लिए 104 शिक्षकों के पद स्वीकृत किए गए हैं. इससे विभिन्न कॉलेजों में विद्यार्थी-शिक्षक अनुपात में अंतर स्पष्ट होता है.

ये भी पढ़ें- Mahi Restaurant के संचालक से एक करोड़ की रंगदारी की मांग, 7 दिन में रकम नहीं देने पर हत्या की धमकी


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola