खादगढ़ा बस स्टैंड: नगर निगम की टेंडर प्रक्रिया संदेह के घेरे में, 7.5 करोड़ की बोली रद्द ; 3.2 करोड़ में बंदोबस्ती
रांची नगर निगम
रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड की बंदोबस्ती प्रक्रिया में बड़े सवाल खड़े हो गए हैं. पहली ऑनलाइन बिडिंग में जहां 7.5 करोड़ रुपये की बोली मिली, वहीं इसे रद्द कर दूसरी बार हुई बिडिंग में यह केवल 3.2 करोड़ रुपये में ही पूरी हुई. इससे निगम को करोड़ों के राजस्व का नुकसान होने की आशंका है.
Ranchi Khadgarha Bus Stand Tender : झारखंड की राजधानी रांची के कांटाटोली स्थित खादगढ़ा बस स्टैंड की बंदोबस्ती में रांची नगर निगम की टेंडर प्रक्रिया सवालों के घेरे में है. पहली ऑनलाइन बिडिंग में जहां बस स्टैंड के संचालन के लिए अधिकतम बोली 7.5 करोड़ रुपये तक पहुंच गयी थी, वहीं नगर निगम ने प्रक्रिया को बीच में ही रद्द कर दिया. इसके करीब तीन सप्ताह बाद दोबारा हुई बिडिंग में अधिकतम बोली महज तीन करोड़ 20 लाख 80 हजार रुपये रही. यानी पहली और दूसरी बिडिंग की अधिकतम बोली में करीब 4.29 करोड़ रुपये का अंतर रहा. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब पहली प्रक्रिया में 7.5 करोड़ रुपये की बोली मिल चुकी थी, तो उसे रद्द करने के बाद निगम ने दोबारा ऐसी प्रक्रिया क्यों अपनायी, जिसमें बंदोबस्ती रिजर्व प्राइस से महज 80 हजार रुपये अधिक पर पूरी हो गयी.
आपके शहर में
23 दिन में बस स्टैंड का भाव गिर गया
खादगढ़ा बस स्टैंड के संचालन के लिए पहली बार आठ अगस्त को एमएसटीसी के माध्यम से ऑनलाइन बिडिंग हुई थी. बोली रात करीब 2:00 बजे तक चली. इसमें आहाब इंटरप्राइजेज ने करीब 7.5 करोड़ रुपये की सबसे अधिक बोली लगायी और एल-1 रही. हालांकि, बिडिंग पूरी होने से पहले ही नगर निगम ने प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए पूरी प्रक्रिया रद्द कर दी. एक सितंबर को निगम ने दोबारा ऑनलाइन बिडिंग करायी. इस बार अधिकतम बोली तीन करोड़ 20 लाख 80 हजार रुपये तक ही पहुंची. बस स्टैंड का रिजर्व प्राइस 3.2 करोड़ रुपये निर्धारित था. यानी अधिकतम बोली रिजर्व प्राइस से सिर्फ 80 हजार रुपये अधिक रही. आहाब इंटरप्राइजेज ने भी दूसरी प्रक्रिया में हिस्सा लिया, अधिक राशि की बोली नहीं लगायी.
पहली और दूसरी बोली में ₹4.29 करोड़ का अंतर
दोनों बिडिंग की अधिकतम बोली में करीब 4.29 करोड़ रुपये का अंतर है. पहली बार 7.5 करोड़ रुपये की बोली को आधार माना जाता, तो नगर निगम को इससे काफी अधिक राजस्व प्राप्त हो सकता था. दूसरी ओर, दूसरी बिडिंग में बंदोबस्ती 3.2 करोड़ रुपये के रिजर्व प्राइस के आसपास ही पूरी हो गयी.
यह भी पढ़ें : JSSC CGL गड़बड़ी की जांच करने आयोग कार्यालय पहुंची CID की टीम ; कई दस्तावेज जब्त, अधिकारियों से पूछताछ
जीएसटी मद में भी सरकार को कम राजस्व मिलेगा
पहली बिडिंग में 7.5 करोड़ की बोली के आधार पर जीएसटी से करीब 1.5 करोड़ रुपये मिलने अनुमान था. वहीं, तीन करोड़ 20 लाख 80 हजार रुपये की बंदोबस्ती होने से जीएसटी की राशि भी स्वाभाविक रूप से कम होगी. यानी पहली और दूसरी बोली के बीच अंतर का असर सरकार को मिलनेवाले राजस्व पर भी पड़ेगा.
प्रभात खबर सवाल
सवाल यह है कि पहली ऑनलाइन बिडिंग में 7.5 करोड़ रुपये की अधिकतम बोली आने के बावजूद उसे किस ठोस प्रशासनिक आधार पर रद्द किया गया? क्या पहली बिडिंग में कोई तकनीकी या नियम संबंधी खामी थी? अगर थी, तो उसे बिडिंग के बाद दूर करने के बजाय पूरी प्रक्रिया रद्द करने की जरूरत क्यों पड़ी? और सबसे अहम, क्या दूसरी बिडिंग कराने से पहले रांची नगर निगम ने यह आकलन किया था कि इससे संभावित राजस्व पर क्या असर पड़ेगा?
ये भी पढ़ें: शिक्षक दिवस आज क्यों मनाते हैं? जानिए इस खास दिन का इतिहास और महत्व
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए